श्रीलंका के खिलाफ घर में पहला ODI 'धुलने' के बाद PCB ने लिया बड़ा फैसला
नई दिल्ली। 10 साल बाद अपने देश में इंटरनेशल क्रिकेट होने की उम्मीद कर रहे पाकिस्तान को श्रीलंका टीम ने एक बड़ी उम्मीद की किरण दी है। यह वह श्रीलंका की टीम है जिस पर 2009 में लाहौर में टीम की बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। तब इस हमले में श्रीलंका के कई खिलाड़ी जख्मी हो गए थे और 8 अन्य लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद से दुनिया भर की टीमों ने पाकिस्तान में खेलने से इंकार कर दिया था। इस आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को अपने 'घरेलू' टेस्ट और सीमित ओवरों के ज्यादातर मैच यूएई में खेलने पड़े।
अब लंबे समय बाद श्रीलंका ने ही पाकिस्तान में खेलने की हामी भरी। हालांकि यह उसकी दोयम दर्जे की टीम है क्योंकि इंटरनेशनल टीम के 10 प्रमुख खिलाड़ियों ने पहले ही सुरक्षा के चलते पाकिस्तान आने से इंकार कर दिया था। इसके बावजूद पाकिस्तान की उम्मीदों पर तब पानी फिर गया जब दोनों टीमों के बीच प्रस्तावित 27 सितंबर को होने वाला वनडे मैच बारिश के चलते धुल गया। मैच कराची में खेला जाना था, जहां बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके इस मैच को रद्द कर दिया गया। सीरीज के बाकी दो मैच भी इसी मैदान पर होने हैं। ऐसे में मौसम को ध्यान रखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक बड़ा फैसला लिया है।
पीसीबी ने तय किया है कि अब सीरीज का अगला मैच 29 सितंबर (रविवार) की जगह पर 30 सितंबर को खेला जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है जिससे की मैदानकर्मियों पर पानी सुखाने और मरम्मत करने के लिए एक अतिरिक्त दिन मिल सके।
इस बात की जानकारी पीसीबी ने बयान जारी करके दी है जिसके अनुसार- 'यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि मैदानकर्मियों को अगले हफ्ते के खेल के लिए मैदान तैयार करने का समय मिल सके क्योंकि इस सप्ताह काफी बारिश हुई है जिस कारण आउटफील्ड गीली है। मैदानकर्मियों को इसके लिए कम से कम दो दिन का समय चाहिए।'
बता दें कि सीरीज का अंतिम मैच तय शेड्युल के मुताबिक 2 अक्टूबर को ही खेला जाएगा। एकदिवसीय के बाद दोनों देशों के बीच तीन टी20 मैचों की श्रृंखला लाहौर में खेली जाएगी। ये मुकाबले पांच, सात और नौ अक्टूबर को होंगे। इस मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने श्रीलंका की टीम का पाकिस्तान आकर खेलने के लिए धन्यवाद दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
