नंबर-4 के लिए हरभजन ने दिया इस क्रिकेटर का साथ, कहा- तुम्हारा वक्त भी आएगा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम में पिछले लगभग 4 सालों से एक बड़ी समस्या बनी हुई है। यह समस्या है, नंबर-4 की। इस स्थान को भरने के लिए कई बल्लेबाजों को माैका मिला लेकिन कोई भी पक्के ताैर पर इस स्लाॅट की कमी पूरी नहीं कर सका। इंग्लैंड में हाल ही में हुए आईसीसी विश्व कप दाैरान भी नंबर-4 पर भारतीय टीम की कमजोरी दिखी। कभी रिषभ पंत को माैका दिया गया तो कभी हार्दिक पांड्या। मनीष पांडे को भी इस स्लाॅट पर आजमा चुके हैं लेकिन कोई उम्मीदों के अनुसार सही नहीं उतर सका। ऐसे में टर्बनेटर हरभजन सिंह ने एक ऐसे क्रिकेटर को नंबर-4 के लिए परफेक्ट बताया जो अभी फाॅर्म में है।

हरभजन ने ट्वीट कर उठाया सवाल
हरभजन सिंह ने नंबर-4 के लिए सूर्यकुमार यादव को माैका देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने चयनकर्ताओं पर सवाल उठाया कि आखिर क्यों नहीं सूर्यकुमार को माैका दिया जा रहा। हरभजन ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पता नहीं क्यों इसे घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाने के बाद भी भारत के लिए नहीं चुना जा रहा। सूर्यकुमार यादव कड़ी मेहनत करते रहो... तुम्हारा वक्त भी आएगा।' सूर्यकुमार विजय हजारे ट्राॅफी में मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में 31 गेंदों में 81 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 8 चौके व 6 छक्के शामिल रहे। उनकी इस उम्दा पारी की बदाैलत मुंबई ने 317 रन का स्कोर खड़ा किया था।
|
फाॅर्म में हैं सूर्यकुमार
29 साल के इस क्रिकेटर ने अभी तक 72 फर्स्ट क्लास मैचों में 43 की औसत से 4818 रन बनाए हैं। इसमें 12 शतक व 24 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं लिस्ट ए में उनके नाम 78 मैचों में 34.11 की औसत से 2081 रन हैं। इसमें 2 शतक व 12 अर्धशतक शामिल हैं। वे आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स व मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं। इस प्रतियोगिता में उन्होंने 85 मैच में 28.07 की औसत से 7 अर्धशतक लगाकर 1544 रन बनाए हैं।

खोज अभी भी जारी
टीम इंडिया को अगले साल ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप खेलना है और इससे पहले वह अपनी सबसे बड़ी समस्या नंबर-4 का समाधान खोजने में जुटी हुई है। भारतीय टीम ने इस क्रम पर कई बल्लेबाजों को आजमाया, लेकिन कोई खरा नहीं उतर सका है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में तो रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर के बीच चौथे क्रम पर जाने की उलझन सभी के सामने निकलकर आई।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
