अभिषेक नायर ने 13 साल के क्रिकेट करियर से लिया संन्यास, जानें कैसा रहा सफर
नई दिल्ली। मुंबई की टीम में अनुभवी ऑलराउंडर अभिषेक नायर ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से सन्यास लेने का फैसला कर लिया है। अभिषेक नायर ने अपने करियर के दौरान जहां भारत के लिए सिर्फ 3 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने एक अलग ही रिकॉर्ड बनाया। अभिषेक नायर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी के दौरान टीम का हिस्सा रहे। अपने 13 साल लंबे करियर में अभिषेक नायर ने 103 फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच खेले और 5749 रन अपने नाम किये। उन्होंने इस दौरान 173 विकेट भी लिए। नायर ने 99 लिस्ट-ए मैचों में 2145 रन बनाए और 79 विकेट लिए। वहीं, 95 टी-20 मैच में उनके नाम 1291 रन और 27 विकेट हैं।
|
नायर ने कहा- किसी भी बात का मलाल नहीं
अभिषेक नायर ने बुधवार को ट्वीट किया, 'मैं शुक्रगुजार हूं कि करियर के दौरान मुझे सभी से इतना सहयोग और समर्थन मिला। यह बेहद सम्मान की बात है। मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया, न कोई मलाल है और न ही कोई वापसी। ये समय आगे बढ़ने का है, सभी का शुक्रिया।'
उन्होंने कहा,‘मैं अपने क्रिकेट करियर से बिलकुल संतुष्ट हूं... इतने सारे क्रिकेटर मौजूद हैं जो उस स्थिति में पहुंचना चाहते हैं जिस स्थिति में मैं आज हूं। मुझे इतने लंबे समय तक खेलने का मौका मिला, इसके लिए सिर्फ आभार ही जता सकता हूं। बेशक कोई मलाल नहीं है। मैं खुश हूं।'

फ्लिंटॉफ की पिटाई कर सचिन को बनाया अपना मुरीद
8 अक्तूबर 1983 को सिकंदराबाद में जन्मे नायर ने पहली बार 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुए इंडियन प्रीमियर लीग के पहले ही मैच में सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए अभिषेक नायर ने सिर्फ 14 गेंद में 35 रन की पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और सचिन तेंदुलकर को भी अपना मुरीद बना दिया था। इस दौरान अभिषेक नायर ने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटाफ के एक ओवर में तीन छक्के जड़ने का कारनामा किया था।

दिनेश कार्तिक देते हैं निदाहास ट्रॉफी की जीत का श्रेय
गौरतलब है कि मुंबई के इस दिग्गज ऑलराउंडर अभिषेक नायर को दिनेश कार्तिक अपना मेंटॉर मानते हैं और निदाहास ट्रॉफी 2017 में मिली अपनी सफलता का श्रेय भी उन्हीं को देते हैं। मुंबई की टीम को लगातार रणजी जिताने के अलावा अभिषेक नायर को दिनेश कार्तिक, श्रेयस अय्यर और उन्मुक्त चंद जैसे बल्लेबाजों के करियर में मदद करने वाले मेंटॉर के रूप में भी जाना जाता है।

धोनी की कप्तानी में भारत के लिए खेला मैच
बता दें कि बाएं हाथ के बल्लेबाज और सीम गेंदबाज अभिषेक नायर को सबसे पहले जुलाई 2009 के वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था। हालांकि, उन्हें मौका नहीं मिल पाया था। इसके बाद उन्हें सितंबर 2009 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। इस मैच में अभिषेक ने 3 ओवर की गेंदबाजी की और 17 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
टीम इंडिया में रहने के दौरान वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही कोई खास कमाल नहीं कर पाए, जिसके बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
