3rd Test: रांची में रोहित के तूफानी शतक ने तोड़े कई रिकॉर्ड, एमएस धोनी को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला लगातार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आग उगल रहा है और इसी को जारी रखते हुए रांची में भी उन्होंने सीरीज का तीसरा शतक पूरा किया। रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी तीन मैचों की सीरीज में तीसरे शतक के साथ अपने करियर में 2000 टेस्ट रन पूरे कर लिए। रोहित ने यहां झारखंड क्रिकेट संघ मैदान पर जारी तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन अपना शतक पूरा किया। यह इस सीरीज में रोहित का यह तीसरा शतक है। रोहित ने विशाखापट्टनम में आयोजित पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया था। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड में अपना नाम लिखवा लिया है।

रोहित ने सर फ्रैंसिस स्टेनली को छोड़ा पीछे
विदेशी धरती पर बिना कोई शतक लगाये अपने घर में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर आ गये हैं। रोहित शर्मा अब इस लिस्ट में सिर्फ मोमिनुल हक से पीछे हैं जिनके नाम घरेलू सरजमीं पर 8 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। वहीं रोहित शर्मा 6 शतक के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। रोहित शर्मा ने इस लिस्ट में इंग्लैंड के सर फ्रैंसिस स्टेनली को पीछे छोड़ दिया जिनके नाम 5 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। इस सीरीज से पहले रोहित के नाम सिर्फ तीन शतक थे लेकिन उनके नाम 30 टेस्ट मैचों में छह शतक हो गए हैं।

रोहित ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड
वहीं रोहित शर्मा ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी और पटौदी को भी सबसे तेज 6 शतक लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है।रोहित ने अब तक कुल 30 टेस्ट मैचों की 51 पारियों में 46.58 के औसत से 2003 रन बना लिए हैं। उनके नाम 10 अर्धशतक भी हैं। जबकि एम एस धोनी ने 90 टेस्ट मैच खेलकर 6 शतक पूरे किये थे। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने मौजूदा सीरीज में 400 रन भी पूरे कर लिए हैं। वह इस टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक रन, सबसे अधिक शतक, सबसे अधिक चौके और सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

रोहित ने की सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी
अपने तीसरे शतक के साथ ही रोहित शर्मा तीसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं जिसके नाम एक ही सीरीज में 3 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। रोहित शर्मा ने सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सुनील गावस्कर ने अपने करियर में यह कारनामा 3 बार किया है।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जेएससीए स्टेडियम में शनिवार को खेले जा रहे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में भारत की शुरुआत खराब रही है। मेजबान टीम ने पहले दिन लंच तक 71 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए हैं।

खराब शुरुआत के बाद अच्छी साझेदारी
भारत के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो गलत साबित हुआ। मेजाबान टीम की शुरुआत खराब रही और 12 के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (10) के रूप में उसे पहला झटका लगा।
तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने अग्रवाल को आउट करने के बाद 16 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका दिया। चेतेश्वर पुजारा अपना खाता भी नहीं खोल पाए और रबादा का शिकार बने। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कोहली भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए। उन्हें 12 के निजी स्कोर पर एनरिक नोर्टजे ने पवेलियन की राह दिखाई।
महज 39 रनों के टीम स्कोर पर 3 विकेट गिरने के बाद रोहित ने अजिंक्य रहाणे के साथ बेजोड़ बैटिंग शुरू की और 86वीं गेंद पर चौके के साथ हाफ सेंचुरी पूरी की, जबकि सेंचुरी के लिए उन्होंने 130 गेंदों का सामना किया।

एक सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बनें रोहित
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी तीन मैचों की सीरीज में रोहित अब तक कुल 17 छक्के लगा चुके हैं। वह बांग्लादेश के साथ 2018 में हुई दो मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज के शिमरोन हिटमायेर के 15 छक्कों के रिकार्ड को पीछे छोड़ चुके हैं।
रोहित के नाम किसी एक टेस्ट मैच में सबसे अधिक छक्कों का रिकार्ड है। रोहित ने विशाखापट्टनम में आयोजित पहले टेस्ट मैच में कुल 13 छक्के लगाए थे। रोहित ने पाकिस्तान के वसीम अकरम के 12 छक्कों के रिकार्ड को ध्वस्त किया था।
अब रोहित क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारत के लिए सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकार्ड अपने नाम कर चुके हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
