नई दिल्लीः पाकिस्तान सुपर लीग आईपीएल की तरह कोरोनावायरस के चलते स्थगित हो गई थी और अब यह संयुक्त अरब अमीरात में होने जा रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लीग को फिर से चालू करने के लिए 7 जून का समय तय किया है लेकिन ऐसा लगता है कि पीएसएल के दोबारा शुरू होने में अभी भी कुछ रुकावटें बाकी है। दरअसल अबू धाबी की हेल्थ मिनिस्ट्री एंड नेशनल इमरजेंसी क्राइसिस एंड डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी को अभी भी 16 लोगों की ब्रॉडकास्टिंग टीम को क्लीयरेंस देना बाकी है। इस टीम में भारतीय और साउथ अफ्रीका लोग हैं जो अबू धाबी में 28 मई को आ गए थे और तब से क्वॉरेंटाइन कर रहे हैं।
पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी कोशिश कर रहे हैं कि पीएसएल 2021 7 जून से शुरू हो जाए और कैमरा क्रू टीम को जल्दी से जल्दी क्वॉरेंटाइन समाप्त करने की छूट मिल जाए तो। यह सभी लोग अबू धाबी में चार्टर्ड विमान से आए थे जिसका प्रबंध पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने किया था। पीसीबी इस समय आईपीएल के बचे हुए 20 मैच कराने की ओर देख रहा है जो कि 7 जून से 24 जून के बीच खेले जाने हैं। इस बारे में बात करते हुए पीसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि अबू धाबी की हेल्थ मिनिस्ट्री से अभी भी क्लीयरेंस मिलने का इंतजार किया जा रहा है ताकि ब्रॉडकास्टिंग क्रू के 16 सदस्यों को इवेंट कवर करने की छूट मिल जाए। पीएसएल में देरी के चलते पहले से ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम इंग्लैंड जाने के लिए 2 दिन लेट हो चुकी है।
पीसीबी अधिकारी ने आगे बताया कि वे उम्मीद करते हैं कि अबू धाबी की सरकार जरूरी इजाजत 3 जून से दे देगी जिससे कि पीएसएल 2021 7 जून से शुरू किया जा सकेगा। लेकिन अगर अधिकारियों ने गुरुवार तक परमिशन नहीं दी तो 7 जून से मुकाबले कराने मुश्किल होंगे क्योंकि संयुक्त अरब अमीरात में शुक्रवार और शनिवार का अवकाश रहता है। सूत्रों ने कहा है, "अगर हम जरूरी परमिशन ले लेते हैं तो पीएसएल 7 जून को हो जाएगा वरना 8 जून तक तो हो ही जाएगा और अगर ऐसा भी नहीं होता तो हमको फिर और भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ेगा।"
बता दे अबू धाबी की सरकार ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं जिसमें उन्होंने बुधवार 2 जून को 218977 टेस्ट कराए थे, 2154 नए कोविड-19 केस थे और 2110 रिकवरी थी जबकि दो लोगों की मौत की रिपोर्ट आई थी।