इस्लामाबद। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि अंडर-19 एशिया कप भारत से बाहर किसी तटस्थ स्थल पर हो। भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पीसीबी ने कहा है कि वहां होने वाले आगामी टूर्नामेंटों को किसी अन्य तटस्थ स्थल पर करवाया जाए।
आपको बता दें कि भारत को नवंबर में अंडर-19 एशिया कप की मेजबानी करनी है लेकिन पीसीबी ने कहा कि वह एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की इस सप्ताह होने वाली बैठक में इसका आयोजन किसी अन्य स्थान पर करने के लिए कहेगा। पीसीबी अधिकारी ने पीटीआई को बताया, एशियाई क्रिकेट परिषद् की विकास समिति की इस सप्ताह के अंत तक कोलंबो में होने वाली बैठक में हम यह मुद्दा उठाएंगे।
आपको बता दें कि पाकिस्तान ऐसा इसलिए कर रहा है क्योंकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड पाकिस्तान के साथ टीम इंडिया की द्विपक्षीय सीरीज नहीं करा रहा है। पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया है कि भारत ने एमओयू का उल्लंघन किया है। यही नहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ आईसीसी में केस लड़ने का भी मन बना चुका है। पाकिस्तान बीसीसीआई से द्विपक्षीय सीरीज ना कराने के एवज में एक अरब मुआवजे की मांग करेगा।