आईपीएल : लगातार चौथी हार से बचा डेयर डेविल्स (लीड-6)
इस सत्र में उम्दा प्रदर्शन कर रही अनिल कुंबले की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स की टीम 184 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक नौ विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी।
आईपीएल-3 में दिल्ली की यह तीसरी जीत है। इस जीत ने उसे लगातार चौथी हार से बचा लिया। दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स टीम की यह दूसरी हार है। हालांकि इस हार के बावजूद वह आठ अंकों के साथ तालिका में पहले स्थान पर कायम है।
रॉयल चैलेंजर्स के लिए सलामी बल्लेबाज मनीष पांडेय ने सर्वाधिक 39 रनों का योगदान दिया जबकि जैक्स कैलिस ने 27 और इयोन मोर्गन ने 17 रन बनाए। विराट कोहली काफी देर तक संघर्ष करने के बाद 23 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की सहायता से 38 रन बनाकर नाबाद लौटे।
कैलिस और पांडेय ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवरों में 71 रन जोड़े थे, इसके बावजूद रॉयल चैलेंजर्स की हार हुई। दिल्ली की ओर से अमित मिश्रा और एंड्रयू मैक्डोनाल्ड ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि उदय यादव और प्रदीप सांगवान को एक-एक सफलता मिली। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
इससे पहले, दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 183 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (33), अब्राहम डिविलियर्स (45), केदार जाधव (नाबाद 50) और मैक्डोनाल्ड (नाबाद 18) ने दिल्ली के लिए योगदान दिया।
वार्नर ने 14 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए जबकि डिविलियर्स ने अपनी 35 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए। वार्नर और वीरेंद्र सहवाग (12) ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े जबकि डिविलियर्स और कार्यकारी कप्तान दिनेश कार्तिक (17) ने तीसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी निभाई।
दोनों बल्लेबाज रन आउट हुए। डिविलियर्स ने पेवेलियन लौटने से पहले जाधव के साथ भी 33 रनों की उपयोगी साझेदारी निभाई। इसके बाद जाधव और मैक्डोनाल्ड ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 49 रन जोड़े।
जाधव ने 29 गेंदों पर अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। मैक्डोनाल्ड के बल्ले से एक चौका और एक छक्का निकला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications