एडम गिलक्रिस्ट ने खोला ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप जीतने का राज, बताया- कैसे धोनी से अलग हैं पंत
नई दिल्ली। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट टी20 को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों का खेल माना जाता है। वहीं, अपने जमाने के आक्रामक बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि अगले साल होने वाले इस फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में स्पिनर और कलात्मक बल्लेबाज ज्यादा कामयाब हो सकते हैं क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के मैदान दूसरी जगहों से काफी बड़े होते हैं। वर्ल्ड कप को लेकर यहां आयोजित 'टूरिज्म वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया' के कार्यक्रम में पहुंचे गिलक्रिस्ट ने इस मौके पर भारतीय प्रशंसकों से इसका लुत्फ उठाने के लिए वेस्टर्न ऑस्टेलिया आने का न्योता भी दिया। इस मौके पर गिलक्रिस्ट के साथ क्रिकेट कॉमेंटेटर हर्षा भोगले और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के प्रीमियर (भारत में मुख्यमंत्री के समान) मार्क मैकगोवन भी मौजूद थे।
और पढ़ें: IPL 2020: इस सीजन लगेगा रोमांच का डबल तड़का, होने वाले हैं यह 5 बड़े बदलाव

सो इस कारण ऋषभ पंत पर आता है दबाव
एडम गिलक्रिस्ट ने विकेट के पीछे लचर प्रदर्शन और DRS के मामले में कई बार नाकाम रहे भारतीय खिलाड़ी ऋषभ पंत का बचाव करते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी का जगह लेने के बारे में सोचना भी बहुत बड़ी बात है।
उन्होंने कहा, 'मैं भारतीय फैन्स और पत्रकारों को सुझाव देना चाहूंगा कि महेंद्र सिंह धोनी से किसी की तुलना करने के बारे में भी ना सोचें क्योंकि आप जितना अधिक ऐसा करेंगे दूसरा खिलाड़ी उतना ही दबाव में आएगा।'
उन्होंने अपनी बात करते हुए कहा, 'यहां मैं अपना निजी अनुभव भी साझा कर सकता हूं क्योंकि मैं टीम में महान विकेटकीपरों में शुमार इयन हीली की जगह आया था। वह ऐसी टीम के विकेटकीपर थे, जो लंबे समय तक क्रिकेट में शीर्ष पर थी। मैंने हालांकि कभी हीली बनने की कोशिश नहीं की, हां मैं उनसे सीखता जरूर था। लेकिन मैदान में अपने तरीके ही अपनाता था।'

मैदान पर थर्ड अंपायर को देखनी चाहिये नो बॉल
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान अंपायरों के खराब फैसलों की संख्या में कमी लाने के लिए आईपीएल संचालन परिषद ने ‘नो बॉल' से जुड़े फैसले के लिए अलग अंपायर रखने का प्रस्ताव रखा जिसके बाद गिलक्रिस्ट ने कहा, ‘मैदानी अंपायर के लिए पहले नीचे देखना, फिर ऊपर देखना और साथ ही इधर-उधर भी देखना देखना काफी चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि काफी चीजें हो रही होती हैं। निश्चित तौर पर पिछले साल रीप्ले में दिखाया गया कि नो बॉल फेंकी गई थी।'
उन्होंने कहा, ‘क्या आपको चौथे अंपायर की जरूरत है, शायद नहीं, आखिर ऐसा क्यों ना हो कि तीसरा अंपायर रीप्ले देखे और फैसला करे।'

इस प्लान से खेलें तो ऑस्ट्रेलिया में जीत सकते हैं विश्व कप
गिलक्रिस्ट से जब इस टी20 विश्व कप में सफलता की कुंजी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया में मैदान (बाउंड्री) थोड़े बड़े हैं, ऐसे में यह कई चीजों पर निर्भर करेगा। तकनीकी तौर पर अपको जिन चीजों को ध्यान में रखना होगा उसमें स्पिनरों का इस्तेमाल के अलावा तेजी से दौड़कर रन चुराना शामिल है।'
उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड, न्यू जीलैंड और दक्षिण एशियाई देशों की तुलना में ऑस्ट्रेलिया के मैदान बड़े होते हैं ऐसे में छक्का लगाने के लिए अपके पास टाइमिंग और ताकत का सही मिश्रण होना चाहिए। यहां ऐसे बल्लेबाज ज्यादा कामयाब होंगे जो मैदान के खाली जगहों पर शॉट लगा कर तेजी से 2-3 रन दौड़ कर पूरा कर सकें। टी20 विश्व कप में इसका काफी असर पड़ेगा। एक बल्लेबाज के तौर पर आपके पास हर तरह का कौशल होना चाहिए।'

लॉटरी की तरह टी20 विश्व कप, सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंचेगी पाकिस्तान
आस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट ने बुधवार को कहा कि टी20 क्रिकेट थोड़ा लॉटरी की तरह है लेकिन उन्होंने कहा कि अगले साल उनके देश में होने वाले इस प्रारूप के आईसीसी विश्व कप में भारत प्रबल दावेदारों में से एक होगा। गिलक्रिस्ट ने भारत के अलावा इंग्लैंड और अपने देश और न्यूजीलैंड को दौड़ में शामिल बताया।
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘शायद वे (भारत) सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंच सकते हैं। मैं भविष्यवाणी नहीं कर सकता कि कौन इस खिताब को जीतेगा लेकिन मुझे प्रबल दावेदारों में भारत, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लंबा सफर तय करने, निश्चित रूप से सेमीफाइनल तक पहुंचने की उम्मीद है।'

कौन सी टीम है टी20 विश्व कप की दावेदार
वर्ल्ड कप के दावेदारों के बारे में पूछे जाने पर इस पूर्व दिग्गज ने कहा, ‘अभी की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई टीम सबसे अच्छी तरह तैयार है लेकिन इस प्रारूप में कुछ भी संभव है। रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज पाकिस्तान को श्रीलंका की दूसरे दर्जे की टीम ने 3-0 से हराया। बांग्लादेश ने पहले टी-20 में भारत को आसानी से हराया। ऐसे में किसी को दावेदार बताना सही नहीं होगा।'
उन्होंने कहा, ‘टी20 ऐसा फॉर्मेट है जहां कोई भी टीम दावेदार नहीं होगी। इस फॉर्मेट को यही चीज सबसे रोचक बनाता है।'
ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली है जहां भारतीय पुरुष टीम 24 अक्टूबर 2020 को पर्थ के नए स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसी दिन भारतीय महिला टीम पर्थ के ही वाका मैदान पर बांग्लादेश से भिड़ेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
