इस 15 साल के बच्चे ने की अनिल कुंबले के अटूट रिकॉर्ड की बराबरी, एक पारी में झटके 10 विकेट
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले के अटूट रिकॉर्ड की बराबरी करने का कारनामा एक 15 साल के बच्चे ने कर दिखाया है। भारत के अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट विजय मर्चेट ट्रॉफी में मेघालय के युवा गेंदबाज ऑफ-स्पिनर निर्देश बैसोया ने बुधवार को कोलकाता में एक पारी में पूरे 10 विकेट लेने का अनोखा रिकार्ड अपने नाम किया है। मेरठ के रहने वाले निर्देश ने असम वैली स्कूल ग्राउंड में नागालैंड के खिलाफ खेले गए मैच में यह उपलब्धि हासिल की। मैच के पहले दिन बुधवार को पहली पारी खेलने उतरी नागालैंड के बल्लेबाज निर्देश के सामने टिक नहीं सके और लगातार विकेट खोते गए।
और पढ़ें: 2nd T20, IND vs BAN: राजकोट में इतिहास रच सकती है बांग्लादेश, भारत को दिखाना होगा दम
मेरठ से ताल्लुक रखने वाले निर्देश मेघालय के लिए एक गेस्ट बॉलर के रूप खेलते हैं। उन्होंने असम वैली स्कूल ग्राउंड में नागालैंड के खिलाफ खेले गए मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 21 ओवर में 51 रन देकर सभी 10 विकेट लिए। इसमें उन्होंने 10 मेडन ओवर भी डाले।

ऐसे लगी विकेटों की झड़ी, 51 रन देकर झटके 10 विकेट
निर्देश ने विकेट लेने की शुरुआत पारी के 10वें ओवर की तीसरी गेंद से की। इस ओवर में उन्होंने सावलिन कुमार मलिक को आउट किया। मलिक 29 गेंद खेलने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए। यहां से जो विकेटों का सिलसिला शुरू हुआ वो 42वें ओवर की आखिरी गेंद पर रुका। निर्देश ने हुटो तोशिहो अचहुमी को आउट कर अपने 10 विकेट पूरे किए और नागालैंड को 113 रनों पर ढेर कर दिया।
नागालैंड की तरफ से श्रवण नागा रवि ने 112 गेंदों का सामना कर सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। केदुवहेटु के खरेइबू ने 20, रोहन यशपाल पारचंदा ने 16 और सुजाल शंकर प्रसाद ने 14 रनों का योगदान दिया।
गेंद के बाद निर्देश ने बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया और 100 गेंदों पर 68 रन बनाए। उनके इस योगदान के दम पर मेघालय ने दिन का अंत चार विकेट के नुकसान पर 109 रनों के साथ किया।

फैंस को याद आये अनिल कुंबले
निर्देश की इस गेंदबाजी ने क्रिकेट प्रशंसकों को कुंबले की याद दिला दी जिन्होंने 1999 में दिल्ली में हुए टेस्ट मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 74 रन देकर 10 विकेट लिए थे और भारत को 212 रनों से जीत दिलाई थी।
15 वर्षीय निर्देश ने कहा, 'मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है। मैं पैदा भी नहीं हुआ था, जब अनिल कुंबले ने 10 विकेट चटकाए थे, लेकिन मैंने उस बारे में बहुत सुना है। मैं हमेशा वैसा कुछ करना चाहता था, लेकिन कभी यह नहीं सोचा था कि यह मेरी जिंदगी में इतनी जल्दी हो जाएगा। मैंने अभी अपने परिवार से बात की और वे भी भावुक हो उठे।'
यह पूछे जान पर कि मैच में कब उन्हें लगा कि वह 10 विकेट ले सकते हैं, निर्देश ने कहा, 'मैंने पहले सत्र तक ही छह विकेट चटका लिए थे और उस समय मुझे लगा कि मैं सभी 10 विकेट ले सकता हूं। मेरा साथियों ने मेरा साथ दिया। पिच में सुबह से टर्न थी और मौसम ने भी मेरी मदद की।'

अंडर 16 में 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बनें निर्देश
अंडर-16 विजय मर्चेट ट्रॉफी में बैसोया का यह दूसरा सीजन है और अबतक वह चार मैच में 27 विकेट ले चुके हैं। पिछले सीजन में उन्होंने छह मैचों में 33 विकेट चटकाए थे।
मणिपुर के तेज गेंदबाज रेक्स सिंह पिछले साल एक पारी में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाज बने थे। उन्होंने कूच बेहार ट्रॉफी में यह उपलब्धि हासिल की थी। उनसे पहले, पुडुचेरी के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सिदक सिंह ने सीके नायडू ट्रॉफी में पिछले सीजन ही 10 विकेट चटकाए थे।

अश्विन-लॉयन से रहती है सीखने की कोशिश
निर्देश तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटे हैं। वह घर वापस लौटकर सभी के साथ अपने अनुभव को साझा करना चाहते हैं, खासकर 10 विकेट लेने वाले स्पेल के अनुभव को।
उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिए एक सपना के सच होने जैसा है और मैंने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी। मुझे कड़ी मेहनत करते रहना होगा क्योंकि मुझे अभी लंबा सफर तय करना है। मैं सिर्फ 15 साल का हूं। मैं अपने परिवार को गौरवान्वित करना चाहता हूं।'
उहोंने कहा, 'मैं रविचंद्रन अश्विन और नाथन लायन से सीखने की बहुत कोशिश करता हूं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
