माफी नहीं मांगेंगे शोएब (राउंडअप)
अपनी होने वाली बेगम सानिया मिर्जा के साथ शोएब ने सोमवार को मीडिया से कहा, "मैं आपके सामने अपना पक्ष रखने आया हूं। मैं जानता हूं कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। मैं किसी से भी माफी नहीं मांगूंगा।"
शोएब ने कहा कि जो आयशा मीडिया से फोन पर बात कर रही है, वह सामने क्यों नहीं आती। उन्होंने कहा कि एक बार आप इस आयशा को देख लेंगे तो अंदाजा लग जाएगा कि सच क्या है।
स्थानीय पुलिस द्वारा अपना पासपोर्ट जब्त किए जाने से जुड़े सवाल पर शोएब ने कहा, "हां मेरा पासपोर्ट पुलिस ने ले लिया है। मैं पुलिस और भारत सरकार के साथ पूरा सहयोग करने को तैयार हूं।"
इससे पहले आयशा की ओर से मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने सोमवार सुबह हैदराबाद में शोएब से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया। शोएब के खिलाफ आयशा ने रविवार शाम बंजारा हिल्स थाने में धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।
टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कहा कि मलिक के साथ उनकी शादी निर्धारित तिथि 15 अप्रैल को ही होगी। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि विवाद की वजह से शादी टालने का कोई इरादा है।
शोएब के साथ सोमवार को अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए सानिया ने कहा, "मेरी शादी से पहले उठे विवाद से मुझे परेशानी जरूर हुई है। कोई नहीं चाहेगा कि शादी से पहले इस तरह का विवाद खड़ा हो। लेकिन हमारी शादी 15 अप्रैल को ही होगी।"
सानिया ने कहा, "हमारी जिम्मेदारी है कि इस विवाद में हम पुलिस को सहयोग करें। जो आरोप शोएब पर लगाए जा रहे हैं, उनका फैसला अब अदालत में होगा। वैसे हम जानते हैं कि सच क्या है।"
दूसरी ओर आयशा सिद्दीकी के परिजनों ने कहा है कि शोएब से उनकी बेटी का सिर्फ निकाह ही नहीं हुआ था, बल्कि वह मां भी बनने वाली थी। लेकिन उसका गर्भपात हो गया।
आयशा के परिवार ने दावा किया है कि शोएब और आयशा दोनों पति-पत्नी के रूप में रहे थे।
शहर के बंजारा हिल्स इलाके में स्थित आयशा के घर के बाहर उनके एक पारिवारिक दोस्त शम्स बाबर ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया, "आयशा गर्भवती थी और उसका गर्भपात हो गया था। शोएब भी यह बात जानते थे लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की।"
बाबर ने कहा कि इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने आयशा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।
आयशा के वकील के साथ मीडिया से बात कर रहे बाबर ने कहा, "मैं शोएब को चेता रहा हूं कि वह मामले को आगे बढ़ाकर और संगीन न बनाएं। उन्हें इसे स्वीकार करना चाहिए और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के साथ आयशा को तलाक देना चाहिए।"
इस बीच पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वह इस हरफनमौला क्रिकेटर का भारत में पूरी तरह सहयोग करेगी।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बसीत ने सोमवार को संवादाताओं को बताया कि नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग भारतीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और शोएब के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का विवरण मांगा गया है।
शोएब ने पासपोर्ट लिए जाने पर नाराजगी जताई है और कहा कि वह पाकिस्तान उच्चायोग से इसकी शिकायत करेंगे।
शोएब से पूछताछ के बाद सहायक पुलिस आयुक्त आर. रवींद्रन रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इधर शोएब के वकील ने सोमवार को कहा कि मलिक अग्रिम जमानत नहीं लेना चाहते।
वकील रमेश गुप्ता ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, "मैंने शोएब से बात की है और उन्होंने कहा है कि वह पुलिस को सहयोग कर रहे है, लिहाजा अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर करने की कोई आवश्यकता नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications