आईपीएल : रैना भी आउट, चेन्नई के 94 रन (लीड-5)
चेन्नई ने दोनों सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन और मुरली विजय के विकेट गंवाने के बाद अच्छे लय में दिख रहे सुरैश रैना का भी विकेट गंवा दिया। आउट होने से पहले हेडन ने पांच और विजय ने 13 रन बनाए। रैना ने 46 रनों की तेज पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 27 गेंदों का सामना किया और पांच चौके तथा तीन छक्के जड़े। स्पिन गेंदबाज रोमेश पोवार ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया जबकि जुआन थेरोन ने रैना को चलता किया।
एस. बद्रीनाथ 12 गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद थे जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (नाबाद 88) के शानदार अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। मार्श ने 57 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्के लगाए।
पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाज माहेला जयवर्धने ने 21 और कप्तान कुमार संगकारा ने 33 रनों का योगदान दिया। जयवर्धने ने आठ गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। संगकारा ने 24 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए।
युवराज सिंह (1) ने निराश किया लेकिन हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए मार्श का अच्छा साथ दिया। पठान ने 27 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की सहायता से नाबाद 44 रन बनाए। पठान और मार्श ने चौथे विकेट के लिए आठ ओवरों में नाबाद 99 रन जोड़े।
लगभग 4000 फुट की ऊंचाई पर बनाए गए इस स्टेडियम में आईपीएल का दूसरा मैच खेला जा रहा है। इस स्टेडियम की क्षमता 20,000 दर्शकों की है। यह आईपीएल के लिए सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित आयोजन स्थल है।
दोनों टीमों का यह 14वां मुकाबला है। सुपर किंग्स की टीम ने छह मुकाबले जीते हैं जबकि सात में उसकी हार हुई है। उसके कुल 12 अंक हैं और वह आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर है।
दूसरी ओर किंग्स इलेवन की टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की है। नौ मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह उसके खाते में सबसे कम आठ अंक आ सके हैं। वह तालिका में आठवें स्थान पर है।
किंग्स इलेवन सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है लेकिन सुपर किंग्स के पास अब भी अंतिम-चार में स्थान बनाने का मौका है। इसके लिए हालांकि उसे यह मैच जीतने के साथ-साथ दूसरी टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के परिणाम पर आश्रित रहना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications