भले क्रिकेट से संन्यास ले चुके इरफान, पर उनका ये रिकाॅर्ड ऐसा है जिसका टूटना है मुश्किल
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज इरफान पठान ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से शनिवार संन्यास ले लिया है। इरफान ने बहुत कम समय में दुनियाभर में अपनी पहटान बना ली थी, लेकिन उतनी जल्दी उनका करियर खत्म होने की ओर भी बढ़ा। पठान ने 2003 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा लेकिन 2012 में उनके करियर पर विराम लग गया। पठान ने भले ही संन्यास ले लिया हो लेकिन उनके नाम एक ऐसा रिकाॅर्ड है जिसका टूटना मुश्किल है। क्या है वो रिकाॅर्ड आइए जानें-

किया था ये कमाल
साल 2006 की तारीख 29 जनवरी क्रिकेट प्रेमियों को याद ही होगी, जब इरफान की 'पठानगिरी' के दम पर एक टेस्ट मुकाबले में पाकिस्तान चारों खाने चित्त हो गया था। उस समय भारतीय टीम तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान दाैरे पर थी। सीरीज का आखिरी मैच कराची में हुआ। इस मैच में भारत ने टाॅस जीता और पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्याैता दिया। पहला ओवर इरफान पठान फेंकने आए और उन्होंने ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर हैट्रिक लेकर तहलका मचा दिया।

अभी तक कायम है विश्व रिकाॅर्ड
इसी के साथ इरफान के नाम टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी मैच के पहले ही ओवर में हैट्रिक लेने का विश्व रिकाॅर्ड दर्ज हो गया। करीब 14 साल हो गए लेकिन ये रिकाॅर्ड आज भी कायम है। उन्होंने चौथी गेंद पर सलमान बट को स्लिप में राहुल द्रविड़ के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। फिर पांचवी गेंद पर युनिस खान को एलबीडब्ल्यू किया जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्म युसुफ को क्लीन बोल्ड किया था। इरफान के इस काम को दोहराना किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं। क्योंकि ऐसे रिकाॅर्ड अद्भुत रिकाॅर्ड में आते हैं जिनका फिर बन पाना आसान नहीं रहता।

पठान का रहा शानदार करियर
इरफान ने भारत के लिए 29 टेस्ट खेले जिसमें उन्होंने 100 विकेट दर्ज किए हैं। वहीं 120 वनडे मैचों में 173 व 24 टी20 मैचों में 28 विकेट दर्ज हैं। इरफान ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी 122 मैच खेले जिसमें उनके नाम 384 विकेट दर्ज हैं। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में खेले 193 मैचों में 272 विकेट निकाले हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
