नई दिल्ली। आईपीएल के फाइनल में अपनी जगह पक्की करने आज सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। एक तरफ जहां दिल्ली पहली बार फाइनल में पहुंचने के लिए अपनी ताकत झोंकेगी तो दूसरी तरफ हैदराबाद की टीम जोकि जबरदस्त फॉर्म में है वह आईपीएल के खिताब के करीब पहुंचने की कोशिश करेगी। हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर अच्छी फॉर्म में हैं। अभी तक इस सीजन में वह चार अर्धशतक के साथ 546 रन बना चुके हैं और सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। हाल ही में उन्होंने आईपीएल में 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड हासिल किया है, यही नहीं आईपीएल में 200 छक्के के कीर्तिमान को हासिल करने के लिए वार्नर को पांच छक्कों की जरूरत है।
दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल्ली की टीम को नई बुलंदी तक पहुंचाया है, वह पहली बार दिल्ली को आईपीएल का खिताब दिलाने की कोशिश में लगे हैं। इस साल अय्यर ने आईपीएल में 2000 रनों के कीर्तिमान को पूरा कर लिया है। इस सीजन की बात करें तो वह 2 अर्धशतक के साथ 433 रन बना चुके हैं और 500 रन का कीर्तिमान बनाने के लिए उन्हें 67 रनों की जरूरत है। दिल्ली के अजिंक्या रहाणे भी अपने नाम एक अहम रिकॉर्ड कर सकते हैं। आईपीएल में 4000 रन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्हें 69 रनों की जरूरत है।
हैदराबाद की ओर से रिद्धिमान साहा जबरदस्त फॉर्म में हैं लेकिन पिछले मैच में वह चोटिल होने की वजह से खेल नहीं सके। ऐसे में उनकी फिटनेस पर नजर रेहगी। साहा इस सीजन में महज 4 मैचों में 215 रन बना चुके हैं और इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं। आईपीएल सीजन में 2000 रन पूरा करने के लिए उन्हें 21 रनों की जरूरत है। वहीं हैदराबाद के गेंदबाज शाबाज नदीम 6 मैच में 5 विकेट ले चुके हैं, उन्हें आईपीएल में 50 विकेट पूरा करने के लिए 3 और विकेट की जरूरत है।
हैदराबाद के मनीष पांडे आईपीएल में 100 छक्कों के क्लब में पहुंचने से मात्र 7 छक्के दूर हैं। वहीं हर्शल पटेल अगर 4 विकेट हासिल करते हैं तो वह आईपीएल में 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। शिखर धवन को इस सीजन में 600 रन पूरा करने के लिए सिर्फ 75 रनों की जरूरत है। वहीं कैगिसो रबाडा को पर्पल कैप हासिल करने के लिए 3 विकेट की जरूरत है।