आईपीएल : प्ले-ऑफ मुकाबले में भिड़ेंगी डेक्कन और बैंगलोर की टीमें
यह मैच 'किला' गंवा चुकी दो टीमों के लिए प्रतिष्ठा बचाने वाला साबित होगा क्योंकि इसमें जीत हासिल करने वाली टीमों को इस वर्ष सितंबर में होने वाली चैम्पियंस लीग में खेलने का मौका मिल सकेगा।
पिछले वर्ष आयोजित चैम्पियंस लीग के पहले संस्करण में सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयरडेविल्स टीमों ने हिस्सा लिया था। चैम्पियंस लीग में आईपीएल की तीन शीर्ष टीमें खेलती हैं।
दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल के दूसरे संस्करण में दिग्गज टीमों को चौंकाते हुए खिताब जीतने वाली डेक्कन चार्जर्स के प्रशंसकों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनकी टीम प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण के फाइनल में भी नहीं पहुंच पाएगी।
कमोवेश यही हाल अनिल कुंबले की कप्तानी में खेल रही बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीम के प्रशंसकों का भी रहा है। दक्षिण अफ्रीका में डेक्कन के हाथों खिताबी मुकाबला हारने वाली यह टीम इस बार मुंबई इंडियंस के हाथों हारकर खिताबी जंग से बाहर हो चुकी है।
बैंगलोर की टीम को जहां पहले सेमीफाइनल में मुंबई इंडियंस ने 35 रनों से पराजित किया था वहीं डेक्कन को बीते गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स टीम के हाथों 38 रनों की करारी शिकस्त खानी पड़ी थी।
चेन्नई की टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची है जबकि मुंबई की टीम पहली बार खिताब के लिए खेलेगी। चेन्नई की टीम आईपीएल के पहले संस्करण में भी फाइनल में पहुंची थी लेकिन उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
राउंड रोबिन लीग में डेक्कन का प्रदर्शन बैंगलोर की तुलना में बेहतर रहा था। लीग स्तर में अंतिम पांच मैच लगातार जीतकर डेक्कन की टीम ने 16 अंकों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। उसके हाथ 14 मैचों में आठ जीत और छह हार आई थी।
इस मैच के लिए डेक्कन टीम मुख्य रूप से अपने कप्तान गिलक्रिस्ट, एंड्रयू सायमंड्स, रोहित शर्मा, ड्वेन स्मिथ, रेयान हैरिस, चमिंडा वास, टी. सुमन और प्रज्ञान ओझा के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी जबकि बैंगलोर की टीम जैक्स कैलिस, रोबिन उथप्पा, कुंबले, रॉस टेलर, विराट कोहली, डेल स्टेन, केविन पीटरसन और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों पर भरोसा करेगी।
सेमीफाइनल मुकाबले को छोड़ दें तो पिछले पांच राउंस रोबिन मुकाबलों में डेक्कन के प्रदर्शन में निरंतरता रही है जबकि बैंगलोर की टीम इस मामले में थोड़ी कमतर दिख रही है। वैसे उसके पास एक से बढ़कर एक बड़े खिलाड़ी हैं, जो अपने बूते मैच जिता सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications