नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) राजधानी में इंडिया गेट से चंद कदमों की दूरी पर स्थित कस्तूबरा गांधी मार्ग मस्जिद में गुरुवार को भारत की आस्ट्रेलिया पर फतेह के लिए दुआ मांगी गईं। आज आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2015 में भारत का आस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल मैच हो रहा है।
मस्जिद के इमाम उमेर इलियासी ने बताया कि वे भारत की आज के मैच में और फिर फाइनल मैच में जीत की दुआ मांग रहे हैं। हम चाहते हैं कि इन दोनों मैचों में हमारी टीम भारी पड़े दूसरी टीमों पर। बता दें कि इलियासी साहब अखिलभारतीय इमाम एसोसिएशन के प्रेसिडेंट भी हैं। वे गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए भी अपने स्तर पर काम कर रहे हैं।
बता दें कि इंडिया गेट के करीब स्थित इस मस्जिद में हर रोज सैकड़ों लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचते हैं। इलियासी साहब ने बताया कि हमारी दुआएं रंगी लाएंगी। उन्होंने कहा कि इस मैच को करोड़ों लोग देख रहे हैं। हमें यकीन है कि हमारे लड़के उम्दा प्रदर्शन करेंगे। उन्हें विराट कोहली, सुरेश रैना, महेन्द्र सिंह धोनी और मोहम्मद शमी से बेहतरीन खेल दिखाने की उम्मीद है।
11 मौलवी पढ़ते नमाज
इस बीच, खबरें मिल रही हैं कि टीम इंडिया के तेज गेंदबाद मोहम्मद शमी के अमरोहा स्थित घर में 11 मौलवी भारत की जीत के लिए नमाज पढ़ रहे हैं। शमी भले ही प्रथम श्रेणी की क्रिकेट बंगाल से खेलते हों, पर वे रहने वाले तो यूपी के अमरोहा के हैं।