पहले विकेट के रूप में चंदन मदन 19 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। मदन का विकेट 41 रन के कुल योग पर गिरा। इसके बाद कप्तान सचिन तेंदुलकर और सौरव तिवारी ने दूसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े।
65 रन के कुल योग पर तेंदुलकर तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान की गेंद पर अब्राहम डिविलियर्स के हाथों लपके गए। तेंदुलकर ने 26 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 30 रन बनाए।
मुंबई की टीम ने 10 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 66 रन बना लिए हैं। तिवारी 12 और अंबाती रायडू एक रन बनाकर खेल रहे हैं।
दोनों टीमों का यह 12वां मुकाबला है। विश्व के महानतम बल्लेबाजों में शुमार किए जाने वाले तेंदुलकर की प्रेरणादायी कप्तानी में खेल रही मुंबई की टीम आठ मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर चुकी है। उसके हिस्से तीन हार दर्ज है। उसके कुल 16 अंक हैं।
दूसरी ओर, सेमीफाइनल के लिए दिल्ली की टीम की दौड़ अभी भी जारी है। उसने छह जीत और पांच हार के साथ कुल 12 अंक बटोरे हैं। फिलहाल तालिका में वह तीसरे स्थान पर है लेकिन इस मैच में मिली जीत उसे दूसरे स्थान पर पहुंचा देगी।
अनिल कुंबले की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम छह जीत और छह हार के साथ कुल 12 अंक बटोरे हैं। वह दूसरे स्थान पर है। दिल्ली की तुलना में उसने एक मैच अधिक खेला है लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह दिल्ली से आगे है। डेक्कन चार्जर्स और राजस्थान रायल्स के भी 12-12 अंक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।