भूपति के साथ जोड़ी बनाना सबसे बड़ी भूल : लिएंडर
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय डेविस कप टेनिस टीम के कप्तान लिएंडर पेस ने एक चौंकाने वाले बयान में कहा है कि महेश भूपति के साथ युगल मुकाबलों में खेलने का फैसला उनके टेनिस करियर का सबसे खराब निर्णय था।
पेस के हवाले से 'ईएसपीएनस्टार.काम' ने कहा है कि 90 के दशक में महेश भूपति के साथ युगल मुकाबला खेलने के लिए उन्होंने अपने एकल मुकाबलों के करियर का बलिदान कर दिया।
पेस ने कहा "वास्तव में मैं उस समय एकल मुकाबलों में अपने शिखर पर था। लेकिन भूपति को एटीपी टूर्नामेंट में खेलने के योग्य बनाने के लिए मैंने उनके साथ सैटेलाइट और फ्यूचर टूर्नामेंटों में भाग लिया। यद्यपि मुझे लोगों ने भूपति जैसे अवसरवादी खिलाड़ियों के साथ खेलने से मना किया था। लेकिन मैंने उनके साथ खेलने का निर्णय लिया।"
पेस के कहा कि 1998 में उन्होंने पीट सम्प्रास सहित दुनिया के चोटी के खिलाड़ियों को हराकर पायलट पेन अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट खिताब जीता था। उस समय उनकी रैंकिंग 73 थी।
पेस के इस बयान से जापान के खिलाफ चल रहे डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप के लिए क्वोलिफाईंग मुकाबलों में टीम में विभाजन बढ़ने की आशंका है। टीम पहले से ही महेश भूपति, रोहन बोपन्ना और प्रकाश अमृतराज द्वारा पेस के खिलाफ विद्रोह करने के कारण बंटी हुई है।
पेस और भूपति के बीच मतभेद 2006 के दोहा एशियाई खेलों के दौरान सामने आए थे। युगल मुकाबलों में स्वर्ण जीतने के बाद भूपति ने कहा था कि वह अब पेस के साथ कभी नहीं खेलेंगे। लेकिन आशा है कि लिऐडंर पेस और महेश भूपति की टीम बीजिंग ओलंपिक के युगल मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications