नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। खेल मंत्री एमएस गिल ने बुधवार को खेल संघों में युवा लोगों को नियुक्त करने पर जोर दिया ताकि खेल संघों को प्रभावी बनाया जा सके।
भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआई) द्वारा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के नए कैलेंडर पर आयोजित एक वर्कशाप में गिल ने कहा कि खेल प्रबंधन में युवाओं को लाए जाने का वह समर्थन करेंगे।
भारतीय ओलंपिक संघ के 12 वर्ष से अध्यक्ष 64 वर्षीय सुरेश कलमाड़ी ने भी उनका समर्थन किया। कलमाड़ी 21 वर्षो से भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष और सन 2000 से एशियन एथलेटिक एसोशिएसन के भी अध्यक्ष हैं।
पूर्व चुनाव आयुक्त गिल चाहते हैं कि खेल संघ लोकतांत्रिक तरीके से काम करें। वह चाहते हैं कि फंड का उपयोग परदर्शी तरीके से किया जाए और निश्चित परिणाम दिखाई दे।
गिल ने कहा कि पैसे का सही उपयोग हो, जिम्मेदारी निश्चित हो । गिल मौजूदा नीति में ज्यादा बदलाव के पक्ष में नहीं हैं।
गिल ने कहा कि वह चाहते हैं कि सरकार खेलों के स्तर को ऊपर उठाने के लिए और धनराशि प्रदान करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।