रोमांचक मुकाबले में सुपर किंग्स की जीत (लीड)
नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। फिरोजशाह कोटला मैदान में आज खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने दिल्ली डेयर डेविल्स की टीम को चार विकेट से हरा दिया।
मैच की अंतिम गेंद फेंके जाने तक मैच में रोमांच कायम रहा। अंतिम ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 15 रन बनाने थे। उस वक्त बल्लेबाजी कर रहे थे मनप्रीत गोनी।
आखिरी ओवर करने आए शोएब मलिक की पहली गेंद पर उन्होंने छक्का लगाया। दूसरी गेंद को चार रन के लिए सीमा रेखा के बाहर भेज दिया और तीसरी गेंद पर एक रन लेकर बद्रीनाथ के हाथों जीत की कमान सौंप दी।
बद्रीनाथ के सामने तीन गेंदों में तीन रन बनाने का लक्ष्य। पहली गेंद में ही उन्होंने दो रन जुटा लिए। अब स्कोर बराबरी पर पहुंच गया। जीत के लिए उन्हें दो गेंदों पर एक रन बनाना था। लेकिन पांचवीं गेंद पर वह कोई रन नहीं बना सके। जीत के लिए अभी भी चाहिए था एक रन और गेंद बची थी एक।
डेयर डेविल्स के कप्तान वीरेन्द्र सहवाग ने सभी खिलाड़ियों को नजदीक बुला लिया। एक गेंद और एक रन। मलिक ने अंतिम गेंद फेंकी और क्रीज से बाहर निकलते हुए बद्रीनाथ ने गेंद को मिडविकेट की दिशा में उछाल दिया। वहां मौजूद थे शिखर धवन। उन्होंने कैच लपकने का भरपूर प्रयास किया लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच सके और चेन्नई सुपर किंग्स ने चार विकेट से यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सुपर किंग्स की ओर से एस विद्युत और स्टीफन फ्लेमिंग ने शानदार शुरूआत की और पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। विद्युत ने 40 और फ्लेमिंग ने 44 रन बनाए।
इससे पहले, सुपर किंग्स के कप्तान धोनी ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया।
गौतम गंभीर के 80 और शिखर धवन के 59 रनों की बदौलत डेयर डेविल्स की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। कप्तान सहवाग ने तेजी से 18 गेंदों में 23 रन बनाए।
सुपर किंग्स की तरफ से जे. मोर्केल और लक्ष्मीपति बालाजी ने दो-दो विकेट लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications