दक्षिण अफ़्रीका मज़बूत स्थिति में
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच नागपुर में खेल जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन दक्षिण अफ़्रीक़ा ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद दो विकेट गंवा कर 291 रन बना लिए हैं.
पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक हाशिम अमला और ज़ाक कैलिस शतकीय पारी खेल कर मैदान पर डटे हुए थे.
जहाँ कैलिस 159 रन बनाकर पिच पर बने रहे, वहीं अमला 115 रन पर बनाकर नॉट आउट हैं. दोनों बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाज़ी बेबस नज़र आई.
कैलिस ने 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से डेढ़ सौ से अधिक रन बनाए तो अमला ने 11 चौके लगाए और शतक के पार हैं. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अब तक 285 रनों की साझेदारी निभाई है.
दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान ग्रैम स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
शुरुआत काफ़ी ख़राब रही और एक समय मात्र छह रन पर दो विकेट गिर गए थे. लेकिन अमला और कैलिस की शानदार पारी की बदौलत दक्षिण अफ़्रीक़ा की टीम न सिर्फ़ संभली बल्की एक सम्मानजनक स्कोर बनाने में भी कामयाब रही.
दक्षिण अफ़्रीक़ा की पारी की शुरुआत ग्रैम स्मिथ और ऐशवेल प्रिंस ने की लेकिन पाँचवे ओवर में प्रिंस को ज़हीर ने बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया. धोनी ने प्रिंस का कैच लपका. उस समय दक्षिण अफ़्रीक़ा का स्कोर महज़ पाँच रन था.
दक्षिण अफ़्रीक़ा का दूसरा विकेट भी जल्दी गिर गया और वो विकेट भी ज़हीर के नाम रहा, जिन्होंने सलामी बल्लेबाज़ ग्रैम स्मिथ को बोल्ड आउट कर दिया. स्मिथ ने 26 गेंदों का सामना कर केवल छह रनों का योगदान दिया. दूसरा विकेट छह के स्कोर पर गिरा.
सलामी बल्लेबाज़ के आउट हो जाने के बाद अमला और कैलिस पिच पर आए लेकिन जल्दी-जल्दी दो विकेट गिर जाने की वजह से वो दबाव में थे और शुरुआती खेल में मेज़बान टीम के रन बनाने की गति काफ़ी धीमी रही.
दक्षिण अफ़्रीक़ा की टीम ने 24वें ओवर में 50 रन पूरे किए. लेकिन उसके बाद रन बनाने की गति बढ़ती गई और 34वें ओवर में ही सौ रन पूरे हुए.
कैलिस ने अपना शतक 165 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से बनाया जबकि अमला ने शतक बनाने में 204 गेंदों का सामना किया.
भारत की गेंदबाज़ी काफ़ी ख़राब रही और ज़हीर की शुरुआती कमायाबी के सिवा कोई भी गेंदबाज़ कुछ भी नहीं कर सका.
ये टेस्ट सिरीज़ भारत के लिए काफ़ी अहम है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने रहने के लिए भारत को दक्षिण अफ़्रीका से चुनौती का सामना है.
दक्षिण अफ़्रीका की टीम इस समय आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
