'विराट पर काबू पाना है तो अपनी जुबान पर लगाम दें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी'
नई दिल्ली। रविवार 17 सिंतबर से शुरू हो रही भारत और ऑस्ट्रलिया के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज से पहले दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ जमकर तैयारी कर रही हैं। ऐसे में फिर से एक बार क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला देखे जाने की उम्मीद है। टीमों के अलावा कप्तानों के बीच भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। क्योंकि भारतीय कप्तान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ के बीच जुबानी जंग हमेशा से ही चर्चा का विषय रही है। ऐसे में दोनों कप्तान एक दूसरे को बल्ले से करारा जवाब देने की कोशिश करेंगे।
इसे भी पढ़ेंः- तो ऑस्ट्रेलिया का हाल श्रीलंका जैसा नहीं कर पाएंगे विराट कोहली!

'टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के खिलाफ स्लेजिंग ना करें'
आईसीसी वनडे रैंकिंग में दुनिया के नंबर के एक बल्लेबजा भारतीय कप्तान विराट कोहली इस समय जबरदस्त लय में हैं। श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद एक बार फिर से कोहली घरेलू जमीन पर तूफान मचाने के लिए तैयार हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के सामने विराट कोहली को रोकने के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले कंगारू टीम को सलाह दी है कि वो टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के खिलाफ स्लेजिंग ना करें।

'ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कभी भी दोस्त नहीं हो सकते'
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम हमेशा से ही स्लेजिंग के लिए बदनाम रही है। पिछले घरेलू टेस्ट सीजन में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों और भारतीय खिलाड़ियों के बीच मैदान और मैदान के बाहर पर खूब गहमागहमी देखी गई थी। यहां तक कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मीडिया को संबोधित करते हुए ये तक कह दिया था कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कभी भी उनके दोस्त नहीं हो सकते।

'कोहली के खिलाफ स्लेजिंग करने से ऑस्ट्रेलियाई को कुछ नहीं मिलेगा'
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में जेसन गिलेस्पी ने चेतावनी देते हुए कहा कि विराट कोहली को घूरने और उनके खिलाफ स्लेजिंग करने से ऑस्ट्रेलियाई टीम को कुछ नहीं मिलेगा। गिलेस्पी ने बयान दिया, ‘विराट कोहली गजब के खिलाड़ी हैं। जब फील्ड खुल जाती है तो वो आसानी से रन बनाते हैं। मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया को विराट से जुबानी जंग में नहीं उलझना चाहिए।'

2017 में विराट कोहली सबसे आगे
मौजूदा आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर पर विराजमान विराट कोहली साल 2017 में सबसे ज्यादा 1017 रन बना चुके हैं। वहीं स्मिथ ने 2017 में खेले 8 मैच में 61.40 के औसत से 307 रन बनाए हैं।

कोहली को आउट करने के लिए इन गेंदों का इस्तेमाल करे ऑस्ट्रेलिया
टाइम्स ऑफ इंडिया के बातचीत करते हुए जेसन गिलेस्पी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को विराट को आउट करने की तरकीब भी बताई। गिलेस्पी ने कहा, ‘विराट कोहली को कसी हुई गेंदबाजी से ही दबाव में लाया जा सकता है। विराट कोहली के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को तेज बाउंसर फेंकनी चाहिए और उन्हें बैकफुट पर रखना चाहिए। वैसे बाउंसर के बाद की गेंद काफी अहम होंगी। बाउंसर के बाद विराट को गेंद आगे फेंकी जाए और ड्राइव कराया जाए। अगर गेंद स्विंग होगी तो विराट परेशान आउट हो सकते हैं। इसके अलावा विराट के करीब ऑन साइड पर भी कैच पकड़ने के लिए दो फील्डर होने चाहिए।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
