नई दिल्ली। भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाजी प्रिया पुनिया की मां का हाल ही में कोरोना से निधन हो गया था। लेकिन बावजूद इसके इंग्लैंड दौरे के लिए प्रिया भारतीय टीम के साथ बायो-बबल में शामिल हो गई हैं। मुश्किल समय में भी प्रिया पुनिया ने बड़ा कदम उठाते हुए देश के लिए अपनी जिम्मेदारी का प्राथमिकता दी और मां के जाने के दुख के साथ वह भारतीय टीम के साथ बबल में जुड़ गई हैं। प्रिया पुनिया के इस बड़े कदम की हर कोई तारीफ कर रहा है। बता दें कि मां के निधन के बाद प्रिया पुनिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पत्र साझा किया था।
देश के प्रति जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगी प्रिया
प्रिया पुनिया ने मां के नाम लिखे भावुक पत्र में उनके त्याग को याद करते हुए शुक्रिया अदा किया था। जब प्रिया पुनिया खेल रही थी और इस दौरान अपनी बेटी को आगे बढ़ाने के लिए प्रिया की मां ने काफी त्याग किए थे। मां के इन्ही त्याग को याद करते हुए प्रिया ने यह भावुक पत्र लिखा था। बता दें कि प्रिया पुनिया ने अपना पहला वनडे मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफसीरीज में खेला था। इस दौरान उन्होंने 75 रनों की नाबाद पारी भी खेली थी। प्रिया पुनिया ने 7 वनडे में कुल 225 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका औसत 37.50 का रहा है।
मां के निधन से दुखी परिवार
प्रिया के पिता सुरेंद्र पुनिया ने कहा कि प्रिया की मां की तबीयत ठीक थी और उनके स्वास्थ्य में सुधार भी आ रहा था लेकिन ऑक्सीजन की सप्लाई में हुई दिक्कत की वजह से उनका ऑक्सीजन का स्तर काफी नीचे चला गया था, जिसके बाद उन्हें वेंटीलेटर पर रखना पड़ा और हम उन्हें बचा नहीं सके। पत्नी के निधन के बाद सुरेंद्र पुनिया ने लोगों से अपील की थी कि वह मानसिक तौर पर मजबूत रहे, यह मुश्किल समय है, भारत कठिन दौर से गुजर रहा है, हर कोई कोरोना की दूसरी लहर से लड़ रहा है। जिंदगी हमेशा आपकी परीक्षा लेगी।
बेटी ने किया वादा
प्रिया के पिता ने कहा कि मेरी बेटी ने कहा कि मेरी बेटी ने वादा किया है कि वह अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी और इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय टीम की ओर से देश का प्रतिनिधित्व करेगी। बता दें कि हाल ही में प्रिया पुनिया को बीसीसीआई ने ग्रेड सी का कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिसके तहत उन्हें 10 लाख रुपए की सैलरी मिलेगी। फरवरी 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले पुनिया इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।