रिकॉर्ड स्कोर करके चेन्नई जीता
इंडियन प्रीमियर लीग के एक मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया और राजस्थान रॉयल्स की टीम को 23 रनों से मात दी.
रनों की बारिश वाले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुरली विजय की धमाकेदार पारी की बदौलत 20 ओवर में पाँच विकेट पर 246 रनों का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया.
जवाब में पहले सीज़न की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में पाँच विकेट पर 223 रन ही बना सकी.
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मैच में आईपीएल का सर्वाधिक स्कोर खड़ा किया. इससे पहले भी सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड भी उनके ही नाम था.
वर्ष 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब के ख़िलाफ़ 240 रनों का स्कोर खड़ा किया था.
चेन्नई सुपर किंग्स के रिकॉर्ड स्कोर में अहम भूमिका निभाई मुरली विजय ने, जिन्होंने 56 गेंद पर आठ चौके और 11 छक्कों की मदद से 127 रनों की पारी खेली.
एल्बी मॉर्केल ने 32 गेंद पर 62 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया. मैथ्यू हेडन ने 34 और सुरेश रैना ने 13 रन बनाए.
जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने भी अच्छी बल्लेबाज़ी की. नमन ओझा और शेन वॉटसन ने शानदार बल्लेबाज़ी की.
नमन ओझा 55 गेंद पर 92 रन बनाकर नाबाद रहे. जबकि शेन वॉटसन ने 25 गेंद पर 60 रनों की पारी खेली.
एक समय जब पिच पर नमन ओझा और शेन वॉटसन थे, उस समय राजस्थान रॉयल्स के जीत की उम्मीद कम नहीं हुई थी. लेकिन वॉटसन के आउट होने के बाद राजस्थान की उम्मीदें चकनाचूर हो गईं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
