नई दिल्ली। पाकिस्तान सुपर लीग को कोरोना के चलते बीच में ही स्थगित कर दिया गया था। जिस तरह से एक के बाद एक खिलाड़ी और स्टाफ के लोग कोरोना से संक्रमित पाए जा रहे थे, उसके बाद पीएसएल को बीच में ही स्थगित करना पड़ा था। लेकिन ताजा रिपोर्ट के अनुसार जून माह में एक बार फिर से पीएसएल को फिर से शुरू किया जा सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस बात का ऐलान किया है कि जून माह में पीएसल के मैच कराची में खेले जाएंगे। पीसीबी ने यह फैसला फ्रेंचाइजी और गवर्निंग काउंसिल की सलाह लेने के बाद लिया है।
बता दें कि अप्रैल माह में पाकिस्तान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलेगी, ऐसे में सिर्फ जून माह में ही कुछ दिनों का समय है जब पीएसएल के बाकी बचे मैचों को कराया जा सकता है। इसके बाद पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी। हालांकि अभी भी यह देखने वाली बात है कि जून माह में जब पीएसएल के बाकी के बचे मैच कराए जाएंगे तो कितने विदेशी खिलाड़ी पीएसएल में हिस्सा लेने के लिए उपलब्ध होंगे। बता दें कि 4 मार्च को पीएसएल को बीच में ही स्थगितकर दिया गया था। पीएसएल में सिर्फ 14 मैच ही कराए जा सके थे, ऐसे में बाकी बचे 20 मैच जून माह में कराए जाएंगे लेकिन अभी इन तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 11 मार्च को एक बयान जारी करके कहा कि सिर्फ जून माह में ही में कुछ दिन का समय है जब पीएसएल के बाकी बचे मैचों को कराया जा सकता है क्योंकि पाकिस्तान की टीम अंतरराष्ट्रीय मैचों को खेलने के लिए मार्च और अप्रैल माह में व्यस्त है और इसके बाद अगस्त और सितंबर माह में टीम के अंतरराष्ट्रीय मैच हैं। पीएसएल के बाकी के बचे 20 मैच जून माह में खेले जाएंगे जब पाकिस्तान की टीम जिम्बाब्वे के दौरे से 13 मई को वापस लौटेगी। 26 जून को इंग्लैंड दोरे पर पाकिस्तान की टीम के रवाना होने से पहले पीएसएल के बाकी बचे मैचों को कराया जा सकता है।