अफरीदी ने की पीसीबी प्रमुख बट्ट से जुर्माना हटाने की फरियाद
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के अनुसार अफरीदी ने पीसीबी अध्यक्ष बट्ट से मुलाकात की और गेंद से छेड़छाड़ के लिए इस महीने के आरंभ में लगाए गए भारी जुर्माने को हटाने का आग्रह किया। जुर्माने के खिलाफ पहले ही एक अपील दायर कर चुके अफरीदी ने बट्ट से कहा कि वह गेंद से छेड़खानी की सजा पहले ही पा चुके हैं और एक ही गलती के लिए उनको दो बार दंड नहीं दिया जाना चाहिए।
इस वर्ष के आरंभ में पर्थ में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय मैच के दौरान टेलीविजन कैमरों ने अफरीदी को गेंद से छेड़छाड़ करते पकड़ लिया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इसके बाद अफरीदी पर दो ट्वेंटी20 मैचों का प्रतिबंध लगाया था।
इसके बाद पीसीबी की एक जांच समिति ने टीम के आस्ट्रेलिया दौरे की जांच की और अफरीदी सहित कई प्रमुख पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर प्रतिबंधों और जुर्माने की सजा की सिफारिश की।
पाकिस्तान का नाम खराब करने के लिए अफरीदी पर 30 लाख रुपये का जुर्माना किया गया। बहरहाल इसके कुछ दिन बाद ही उनको वेस्टइंडीज में 30 अप्रैल से शुरू होने जा रहे ट्वेंटी20 क्रिकेट विश्व कप के लिए पाकिस्तानी टीम का कप्तान बना दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications