कोलकाता। भारतीय कप्तान विराट कोहली आज देश के लगभग हर युवा के लिए आदर्श हैं। अपने खेल के दम पर देश और दुनिया में बड़ा नाम करने वाले कोहली मौजूदा समय के बेस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं। शायद यही वजह है कि कोहली अब छात्रों की परीक्षा में भी पूछे जाने लगे हैं।
दरअसल पश्चिम बंगाल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लेने वाले छात्र उस वक्त हैरान रह गए, जब उन्हें प्रश्न पत्र में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली पर सवाल पूछा गया। इस पेपर में विराट कोहली को लेकर एक सवाल पूछा गया, जिसमें कोहली पर निंबध लिखना था। बच्चों को भले ही ये सवाल देखकर आश्चर्य हुआ, लेकिन इस सवाल का जवाब देखकर बच्चे बहुत खुश थे।
2017 में आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीतने वाले 29 वर्षीय कोहली ने टेस्ट में 21 जबकि वन-डे क्रिकेट में 35 शतक जड़े हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज इस समय श्रीलंका में चल रही निदाहास टी20 ट्रॉफी से ब्रेक पर हैं। इसके बावजूद वह सुर्खियों से दूर नहीं हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक स्टूडेंट खुश थे कि उन्हें राष्ट्रीय हीरो का दर्जा पा चुके स्टार क्रिकेटर के बारे में लिखने को मिला। उनके लिए यह 10 नंबर का अनिवार्य सवाल था। इस सवाल में विराट पर एक संक्षिप्त प्रोफाइल लिखने के लिए कहा गया था।
बता दें कि पश्चिम बंगाल बोर्ड की ओर से अंग्रेजी की परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसमें एक निबंधात्मक सवाल पूछा गया। इस सवाल में कोहली को लेकर कई आंकड़ें दिए गए, जिसमें उनके निजी जीवन से लेकर क्रिकेट करियर से जुड़ी कई जानकारी लिखी थी। रिपोर्ट के अनुसार करीब 11 लाख बच्चों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया और कई नेताओं ने भी इस सवाल की तारीफ की।
Biography of virat kohli in matric exam in WBBSE BOARD pic.twitter.com/bBnTUv19a0
— NITISH MAHATO (@NITISHMATHARI) March 14, 2018