नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए चोटें मुसीबत बनी हुई हैं। पहले एबी डिविलियर्स फिर फॉर्म में चल रहे कप्तान फाफ डुप्लेसिस भारत के खिलाफ पूरी सीरीज से बाहर हो गए और अब ऑन फॉर्म चल रहे विकेट कीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक भारत के खिलाफ बचे हुए वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हो गए।
भारत के खिलाफ 6 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही दक्षिण अफ्रीका को ये तीसरा बड़ा झटका लगा है। डि कॉक को भारत के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए वनडे मैच के दौरान कलाई में चोट लगी थी। मैच के बाद उनका मेडिकल हुआ जिसमें उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
#BreakingNews #CSAnews #SAvIND De Kock ruled out of India ODIs and T20s with wrist injury ... https://t.co/DbGakUmyfe pic.twitter.com/XfdNMBYgHd
— Cricket South Africa (@OfficialCSA) February 5, 2018
प्रोटीज टीम मैनेजर, डॉ मोहम्मद मूसाजी ने चोट के बारे में बताते हुए कहा, "रविवार को दूसरे वनडे में बल्लेबाजी करते हुए क्विनटन को बाएं हाथ की कलाई में जोर की चोट लगी जिससे वह बहुत दर्द और असुविधा महसूस कर रहे थे। जिसके बाद जांच में पाया गया कि उनकी कलाई में गहरी चोट लगी है। उनकी कलाई से लेकर कंधे के आसपास सूजन काफी सूजन है। उन्हें 2 से 4 हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी गई है।" हालांकि अभी तक चयनकर्ताओं ने डिकॉक की जगह पर किसी के नाम की घोषणा नहीं की है।
बता दें कि इससे पहले कप्तान डुप्लेसिस उंगली की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए। उनके जगह पर ऐडन मार्करम को कप्तान बनाया गया है। भारत 6 वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे चल रहा है।
डरबन में खेला गया पहला वनडे 6 विकेट से जीतने के बाद दूसरे वनडे मैच में भी भारतीय टीम ने 9 विकेट से आसानी से जीत दर्ज कर दक्षिण अफ्रीका को उसके घर में मात दी है। अब तीसरा मैच केप टाउन में खेला जाएगा।