मुंबई। अजिंक्या रहाणे की अक्सर टीम इंडिया के पूर्व स्टार खिलाड़ी राहुल द्रविड़ से तुलना की जाती है। लेकिन जब खुद राहुल द्रविड़ रहाणे की तारीफ करें तो आप इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि युवा खिलाड़ी के लिए इसका क्या मतलब है।
वहीं राहुल द्रविड़ की तारीफ के बाद रहाणे ने द्रविड़ का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह मेरे लिए बेहद खास है। रहाणे ने कहा कि राहुल भाई का मेरी तारीफ करना मुझे हमेशा ही अच्छा खेलने के लिए प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि मैं और भी अच्छा खेलने की ओर ध्यान देने की कोशिश करुंगा।
रहाणे ने कहा कि मेरे लिए यह काफी बड़ी प्रशंसा है। यह प्रशंसा मुझे और भी अच्छा खेलने के लिए प्रेरित करती है। रहाणे ने कहा कि मेरे लिए अच्छा खेलना ज्यादा अहम है बजाए मैच के फैसले के।
गौरतलब है कि राहुल द्रविड़ ने रहाणे की तारीफ करते हुए कहा था कि पिछले एक साल में रहाणे भारत के सफल टेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि हमने चार विदेशी दौरे एक साथ किये हैं और इस दौरान रहाणे का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है।