नई दिल्ली। जहां टेस्ट की कप्तानी छोड़ने पर टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पर लोग सवालों की बौछार कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर भारतीय के टीम के पूर्व दिग्गज जमकर धोनी के इस फैसले का स्वागत किया है। सचिन और सौरभ की तारीफ के बाद अब राहुल द्रविड़ ने भी धोनी के इस फैसले का स्वागत किया है।
भारतीय टीम के द वॉल कहे जाने वाले मिस्टर द्रविड़ ने कहा है कि धोनी को विकेटकीपर, बल्लेबाज को ऐसे कैप्टन के रूप में जाना जाएगा, जिन्होंने उदाहरण पेश करते हुए टीम की अगुआई की और फालतू की बयानबाजी में कभी भी ध्यान नहीं दिया।
द्रविड़ ने कहा कि मैंने हमेशा ही धोनी की कप्तानी का लुत्फ उठाया। धोनी के नेतृत्व में खेलने की एक चीज जो मुझे सबसे अच्छी लगती थी वह यह थी कि वह आपको कभी ऐसी चीज करने के लिए नहीं कहते थे जो वह खुद नहीं कर सकते थे।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय धोनी ने 60 मैचों में टीम इंडिया का नेतृत्व किया और बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा 27 मैचों में जीत दिलाई।कैप्टन कूल ने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से कुल 4876 रन बनाए जिसमें छह शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान बतौर विकेटकीपर भी धोनी ने 256 कैच पकड़े और 38 स्टंप आउट किए हैं। उन्होंने हाल ही में आस्ट्रेलिया-भारत की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।