नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने टीम के कोच बनने की संभावनाओं से पूरी तरह से इनकार किया है। उन्होंने सारे कयासों और अटकलबाजियों पर लगाम लगाते हुए कहा कि मैं बिल्कुल भी इस रेस में नहीं हूं और मैं भारत की टीम ए और अंडर 19 टीम को संवारने पर पूरा ध्यान लगा रहा हूं।
जब राहुल द्रविड़ से पूछा गया कि क्या आप राष्ट्रीय टीम के कोच के लिए दावेदार हैं तो उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल भी इस रेस में नहीं हूं और ना ही मेरी इसमें कोई रुचि हैं। उन्होंने कहा कि टीम के डायरेक्टर रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ बेहतरीन काम कर रहा है। ऐसे में मेरी कोई भी महात्वाकांक्षा नहीं है कि मैं टीम का कोच बनूं।
द्रविड़ ने कहा कि अंडर 19 महत्वपूर्ण स्टेज है जहां युवा पीढ़ी तैयार हो रही होती है और मैं बहुत खुश हूं कि मुझे इस पीढ़ी को संवारने का मौका दिया गया है। जल्द ही मैं आपके साथ इन खिलाड़ियों के साथ के अनुभव को साझा करुंगा।