नई दिल्ली। विश्व क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार राहुल द्रविड़ अब युवा चेहरों को टीम इंडिया के लिए तैयार करेगें। द्रविड़ को भारत ए और अंडर 19 टीम का मुखिया बनाया गया है। द्रविड़ अपने क्रिकेट कैरियर के बहतरीन अनुभव का इस्तेमाल अब इन युवाओं को संवारने के लिए करेंगे।
इस जिम्मेदारी के सौंपे जाने के बाद द्रविड़ ने कहा कि मैं नयी पीढ़ी के साथ काम करने के लिए काफी उत्सुक हूं। भारत ए और अंडर 19 एक अहम पड़ाव हैं जहां चुनौतियों और दबाव को बेहतर तरीके से संभालना सीखना होता है।
द्रविड ने कहा कि मैं खुद भी उस दौर से निकला हूं, ऐसे में इस पड़ाव की महत्ता को मैं समझता हूं। यह काफी जरूरी है कि इस मकाम पर इन खिलाड़ियों के को बेहतर तरीके से मार्गदर्शन मिले और उन्हें पता होना चाहिए कि वो क्या कर रहे हैं और क्या करना चाहिए।
द्रविड़ ने कहा कि भारत ए और अंडर 19 में बहुत से खिलाड़ियों के अंदर जबरदस्त प्रतिभा है। ऐसे में उन्हें अगले पड़ाव पर ले जाकर भारत की टीम में खाली जगह को भरने के लिए तैयार करने की जरूरत है।
वहीं टीम इंडिया और चयनकर्ताओं के साथ भी मिलकर काम करने की भी द्रविड बात कही। उन्होंने कहा कि निचले स्तर पर खिलाड़ी जो मुश्किलें झेल रहे हैं उनका समाधान निकालने के लिए अपना पूरा प्रयास करेंगे।