
सचिन तेंदुलकर को देखने के लिए सबसे पहले स्टेडियम पहुंचे थे रूट
रूट को अब भी वो दिन याद है जब वो सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी देखने के लिए सबसे पहले स्टेडियम पहुंचे थे लेकिन द्रविड़ की वजह से उन्हें सचिन की बैटिंग देखने को नहीं मिली थी।

लेकिन सचिन तेंदुलकर ड्रेसिंग रूम में ही रहे
इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान जो रूट ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को लेकर एर भावुक बयान दिया है। जो रूट एक बार हैडिंग्ले में मैच देखने के लिए इसलिए आए थे ताकि वह सचिन तेंदुलकर को बैटिंग करते देख सकें लेकिन उस दिन सचिन तेंदुलकर ड्रेसिंग रूम में ही रहे और जो रूट उन्हें बैटिंग करते हुए नहीं देख पाए।

भारत का पहला विकेट ही काफी देर में गिरा था
वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज खेल रहे 26 साल के जो रूट ने कहा कि "मुझे वो दिन आज भी याद है जब मैं 15 साल पहले हेडिंगले मैदान पर पहला टेस्ट मैच देखने आया था। मैच भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा था। मैं तेंदुलकर को देखने के लिए बहुत बेताब था। लेकिन उस दिन भारत का पहला विकेट काफी देर से गिरा।"

इसलिए द्रविड़ ने किया जो रूट को निराश
साल 2002 में भारत ने हैडिंग्ले टेस्ट में पहली पारी में 628/8 का स्कोर बनाया था और पारी घोषित कर दी थी। सचिन तेंदुलकर ने इस मैच में 193 रन बनाए थे। वहीं राहुल द्रविड़ में 148 और सौरव गांगुली ने 128 रन बनाए थे। इस मैच में जो लोग सचिन तेंदुलकर की बैटिंग का पहले दिन इंतजार कर रहे थे उनके हाथ निराशा लगी क्योंकि ढाई सेशन तक इंडिया का एक ही विकेट गिरा था। द्रविड़ भारतीय टीम की दीवार बने खड़े रहे और इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। भारत ने यह मैच एक पारी और 46 रनों से जीत लिया था।

धाकड़ बल्लेबाजों से होती है कप्तान रूट की तुलना
जौ रूट को मौजूदा समय के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। भारतीय कप्तान विराट कोहली, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन के साथ जो रूट की तुलना होती है। यॉर्कशायर रूट का घरेलू मैदान है। सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है। अगर वे इस मैच को जीत लेते हैं तो 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर लेंगे। एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 209 रनों से हरा दिया था।


Click it and Unblock the Notifications
