
खेली इतने रनों की पारी
राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने इस सप्ताह अंडर -14 राज्य स्तरीय क्रिकेट मैच में दोहरा शतक बनाया। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अंडर -14 इंटर-जोनल टूर्नामेंट में 14 वर्षीय समित ने वाइस प्रेजिडेंट XI के लिए खेलते हुए धारवाड़ जोन के खिलाफ 256 गेंदों में 201 रनों की पारी खेली।। समित ने अपनी इस पारी में 22 चौके लगाए। समित ने दूसरी पारी में भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने 94 रनों की नाबाद पारी खेली। साथ ही 26 देकर 3 विकेट झटके।

मैच हुआ ड्रा
इस मैच में वाइस प्रेजिडेंट XI ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। वाइस प्रेजिडेंट XI ने तीसरे नंबर पर आए समित के दोहरे शतक की बदाैलत पहली पारी में 7 विकेट खोकर 372 रन बनाए। जवाब में धारवाड़ की टीम महज 124 रनों पर ही ढेर हो गई। दूसरी पारी में भी वाइस प्रेसिडेंट XI ने 1 विकेट खोकर 180 रन बना लिए थे। समित ने 82 गेंदों में नाबाद 94 रन बनाए, जिसमें 15 चाैके रहे। यह मैच ड्रा पर समाप्त हुआ।

सुर्खियां बटोर रहे हैं समित
बता दें कि अंडर -14 स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन देकर समित लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। 2018 में, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) बीटीआर कप अंडर -14 टूर्नामेंट मैच में मालती अदिति इंटरनेशनल स्कूल के लिए 150 रन बनाए। अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए दाएं हाथ के समित ने बहुत कम उम्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। समित ने 2015 में मालती अदिति के लिए तीन मैचों में 77 *, 93 और 77 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। वहीं उनके पिता राहुल द्रविड़ की बात करें तो उन्होंने 164 टेस्ट में 52.3 की औसत से 13288 रन बनाए। इंदौर में जन्मे इस बल्लेबाज ने 344 वनडे में 12 शतक और 83 अर्धशतक सहित 10889 रन बनाए।


Click it and Unblock the Notifications
