For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

IPL 7: रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने हैदराबाद को 4 विकेट से हराया

अबु धाबी। अजिंक्य रहाणे (59) और स्टुअर्ट बिन्नी (नाबाद 48) की संयमभरी पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स टीम ने शुक्रवार को शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें संस्करण के चौथे और अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हरा दिया। मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ। सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 134 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 19.3 ओवरों में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

बिन्नी ने 32 गेंदों की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। रहाणे और बिन्नी के बीच तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई, जो राजस्थान रॉयल्स के लिए मैच जिताऊ बनी। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने खराब शुरूआत की। उसने मात्र 15 रनों के कुल योग पर अपने सलामी बल्लेबाज अभिषेक नायर (4) और संजू सैमसन (3) के विकेट गंवा दिए। नायर को डेल स्टेन ने पगबाधा आउट किया जबकि सैमसन को भुवनेश्वर कुमार ने चलता किया।

कप्तान शेन वॉटसन (3) भी अधिक देर तक विकेट पर नहीं टिक सके। वॉटसन को 31 के कुल योग पर इशांत शर्मा ने आउट किया लेकिन इसके बाद रहाणे और बिन्नी ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम को जीत की स्थिति में लाने का काम किया। रहाणे हालांकि 108 रनों के कुल योग पर अमित मिश्रा की गेंद पर एरॉन फिंच के हाथों लपके गए लेकिन तब तक राजस्थान रॉयल्स जीत की स्थिति में आ चुके थे। रहाणे ने अपनी 53 गेंदों की संयमभरी पारी में छह चौके लगाए।

मिश्रा को शायद राजस्थान रॉयल्स को जीतते देखना मंजूर नहीं था। उन्होंने अपने चौथे और पारी के 18वें ओवर में रहाणे के साथ-साथ ब्रैड हॉज (1) को आउट कर सनराइजर्स को दो बड़े झटके दिए। बिन्नी ने हालांकि इस ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका और फिर छठी गेंद पर दो रन लेकर अपनी टीम को जीत के और करीब ला दिया। अब राजस्थान रॉयल्स को अंतिम 12 गेंदों पर जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी। हॉज का स्थान लेने आए रजत भाटिया ने डेल स्टेन द्वारा फेंके जा रहे 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम का भार कम किया।

दूसरी गेंद पर वह एक भी रन नहीं ले सके और तीसरी गेंद पर फिंच के हाथों लपक लिए गए। इस तरह स्टेन ने अपनी टीम का भार कम किया। बिन्नी ने हालांकि चौथी गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजकर अपनी टीम को 125 रनों तक पहुंचाया। अब राजस्थान रॉयल्स को आठ गेंदों पर नौ रनों की दरकार थी। पांचवीं गेंद पर एक भी रन नहीं बना और छठी गेंद पर बिन्नी ने एक रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी। अंतिम ओवर में राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। बिन्नी ने भुवनेश्वर की पहली गेंद पर एक रन लिया और स्ट्राइक अपने नए साथी जेम्स फॉल्कनर (नाबाद 8) को दिया। उन्होंने भुवनेश्वर की दूसरी और तीसरी गेंदों पर चौका लगाकर अपनी टीम को तीन गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। फाल्कनर ने दो गेंदों पर दो चौके लगाए।

इससे पहले, टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उसे निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 133 रनों पर सीमित कर दिया। सनराइजर्स के लिए कप्तान शिखर धवन ने सबसे अधिक 38 रन बनाए जबकि डेविड वार्नर ने 32 और लोकेश राहुल ने 20 रनों का योगदान दिया। वार्नर और धवन ने दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी निभाई लेकिन यह साझेदारी 69 गेंदों का नतीजा रही, जो बड़ा योग खड़ा करने का मकसद लेकर चल रही टीम के लिए एक लिहाज से नुकसानदायक साबित हुई।

सनराइजर्स ने दो रन के कुल योग पर एरॉन फिंच (2) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 34 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाने वाले धवन तथा 35 गेंदों पर एक चौका लगाने वाले वार्नर ने पारी को सम्भालने का काम किया। ये दोनों हालांकि खुलकर शॉट नहीं खेल सके, जिसका नतीजा हुआ कि सनराइजर्स का रन रेट 6 रनों से करीब ही रह गया। धवन का विकेट 77 और वार्नर का 83 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाने वाले राहुल ने डारेन सैमी (6) के साथ स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।

राहुल का विकेट 108 के कुल योग पर गिरा। टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए कई हैरतअंगेज पारियां खेलने वाले सैमी 11 गेंदों का सामना कर 111 के कुल योग पर आउट हुए। यह विकेट केन रिचर्ड्सन ने लिया।
इसके बाद कर्ण शर्मा (4) और वेणुगोपाल राव (नाबाद 16) ने छठे विकेट के लिए 13 गेंदों पर 19 रनों की साझेदारी की। कर्ण का विकेट 130 के कुल योग पर रिचर्ड्सन ने लिया। राव ने अपनी 12 गेंदों की नाबाद पारी में एक चौका लगाया। राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना पहला मैच खेल रहे रजत भाटिया ने चार ओवरों में 22 रन खर्च करते हुए दो विकेट लिए जबकि उनकी तरह इस टीम के लिए आगाज करने वाले धवन कुलकर्णी ने भी चार ओवरों में सिर्फ 23 रन खर्च किए और दो विकेट लिए।

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:12 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+