पाक क्रिकेटरों के निलंबन पर सुनवाई
दुबई में आईसीसी मुख्यालय में सुनवाई के लिए जाते हुए सलमान बट्ट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अपने दुबई मुख्यालय में पाकिस्तान के दो क्रिकेटरों के स्पॉट फ़िक्सिंग मामले में निलंबन के फ़ैसले को चुनौती देनेवाली अपील पर सुनवाई शुरू की है.
सुनवाई के लिए सलमान बट्ट और मोहम्मद आमिर अपने वकीलों के साथ आईसीसी की शासकीय शाखा की आचारसंहिता समिति के समक्ष पेश हुए.
दोनों खिलाड़ियों ने सुनवाई के समय जाने से पहले कोई भी टिप्पणी नहीं की.
आईसीसी ने सुनवाई के लिए दो दिन का समय निर्धारित किया है लेकिन खिलाडियों के वकीलों का मानना है कि सारी कार्यवाही शनिवार को ही पूरी हो सकती है.
वकीलों के अनुसार खिलाड़ियों को निलंबित रखने के पक्ष में प्रमाण बहुत ही कम हैं.
निलंबन
तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर पर जान-बूझकर नो बॉल गेंद डालने का आरोप है
आईसीसी ने अगस्त में पाकिस्तानी टीम के इंग्लैंड दौरे के समय हुए स्पॉट फ़िक्सिंग विवाद के बाद पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों को निलंबित कर दिया था.
निलंबित हुए तीसरे खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ़ अपने निलंबन के फ़ैसले को चुनौती नहीं दी है क्योंकि एक दूसरे मामले को लेकर उनके संयुक्त अरब अमीरात जाने पर पाबंदी है.
स्पॉट फ़िक्सिंग के इस विवाद की शुरूआत ब्रिटेन के एक अख़बार की रिपोर्ट से हुई जिसमें अख़बार ने एक स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर ये रिपोर्ट छापी कि तीनों खिलाड़ियों ने एक टेस्ट मैच में सट्टेबाज़ों से साँठ-गाँठ के बाद जान-बूझकर नो बॉल फेंकी.
आईसीसी यदि सलमान बट्ट और मोहम्मद आमिर के निलंबन के फ़ैसले को पलट देती है तो दोनों खिलाड़ी तत्काल संयुक्त अरब अमीरात में ही दक्षिण अफ़्रीका के विरूद्ध हो रही श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम में शामिल हो सकते हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
