नई दिल्ली। आईपीएल 11 का सीजन समाप्त हो चुका है। मुंबई के वानखेड़े में हैदाराबाद और चेन्नई सुपरकिंग के बीच खेले गए मुकाबले में चेन्नई की टीम ने हैदराबाद को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इस पूरे सीजन की अगर बात करें तो हैदराबाद के गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन के दम पर कई मुकाबले टीम को जिताए हैं और पूरे सीजन अपनी गेंदबाजी का लोहा भी मनवाया है। गौरतलब हो की इस पूरे सीजन में अगर किसी गेंदबाज ने सभी का दिल जीता है तो वो नाम है अफगानिस्तान के 19 वर्षीय लेग स्पिनर राशिद खान का। राशिद ने अपनी फील्डिंग अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से सभी को हैरान किया और जलवा बिखेरा है। उन्होंने इस सीजन 21 विकेट लिए और सभी दिग्गज बल्लेबाजों को परेशान किया है। उनकी तारीफ में क्रिकेट के दिग्गजों ने उनकी बहुत सराहना की यहां तक की लोग उनकी भारतीय नागरिकता की भी मांग करने लगे थे। सचिन ने भी ट्वीट किया था जिसे देखकर राशिद हैरान रह गए थे।
राशिद रह गए थे हैरानः राशिद खान ने कई मुकाबले में अपनी टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण था केकेआर के साथ खेला क्वालीफायर-2 का मुकाबला जिसमें राशिद खान ने न सिर्फ अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाते हुए तीन विकेट झटके थे बल्कि 10 गेंदो में 34 रन की धमाकेदार पारी भी खेली थी, और फील्डिंग में भी जलवा दिखाया था। दरअसल इस मैच के बाद सचिन ने भी राशिद की तारीफ करते हुए कहा था की वो दुनिया के बेस्ट लेग स्पिनर ही नहीं बल्कि एक शानदार बल्लेबाज भी हैं। राशिद ने बताया की मेरे एक दोस्त ने मुझे इसका स्क्रीनशॉट भेजा था जिसे देखकर मैं हैरान रह गया था । मुझे समझ नहीं आ रहा था की आखिर मैं कैसे इसका जवाब दूं, क्योंकि मेरे देश में सचिन पाजी काफी लोकप्रिय हैं और युवाओं के लिए हीरो हैं। उन्होंने बताया की राष्ट्रपति के बाद शायद मैं ही सबसे लोकप्रिय इंसान अफगानिस्तान में इस वक्त हूं।