नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम इस साल गजब फाॅर्म में गुजर रही है। टीम भले ही इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले में मात खा गई हो लेकिन विरोधी टीमों की नींदें जरूर हराम हुई हैं। टीम की सफलता के पीछे मुख्य कोच रवि शास्त्री का भी बड़ा हाथ रहा है जो साल 2017 से टीम के साथ जुड़े हुए हैं। अब टीम को 22 नवंबर को ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट खेलना है जो बांग्लादेश के खिलाफ होगा, लेकिन इससे पहले टीम का पूरा सपोर्ट स्टाफ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में हाजिरी लगाते दिखाई दिए।
कोच शास्त्री के साथ गेंदबाजी कोच भरत अरुण फील्डिंग कोच आर श्रीधर फिजियो नितिन पटेल रविवार महाकालेश्वर मंदिर में भव्य पूजा करने के लिए पहुंचे। हालांकि इस पूजा में भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ नजर नहीं आए। इस दौरान सभी सपोर्ट सदस्य पीले रंग की धोती पहने नजर आए। फूलों की माला भी सभी के गले में पड़ी हुई थी। पूजा के दौरान रवि शास्त्री पूरी तरह से महाकाल की भक्ति में डूबे नजर आए। वे इस दौरान सिर नीचे किए हुए ही बैठे रहे। वहीं फील्डिंग कोच आर श्रीधर मंदिर के पुजारियों के साथ मंत्रजाप करते दिखे।
Mahakaleshwar Jyotirlinga Temple - ॐ नमः शिवाय 🙏 pic.twitter.com/Qt8wTCwwsn
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) November 17, 2019
इस माैके की एक तस्वीर कोच शास्त्री ने भी अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर की है। उन्होंने पूजा के दाैरान की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर ॐ नमः शिवाय।' बता दें कि भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद अब टेस्ट सीरीज कब्जाने की तैयारी में है। 2 टेस्ट मैचों की इस सीरीज के पहले मैच में भारत ने ओपनर मयंक अग्रवाल(243) के दोहरे शतक से एक पारी और 130 रनों से आसान जीत हासिल की थी। अब आखिरी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाना है। यह टेस्ट गुलाबी गेंद से दिन रात को होगा।