[अंकुर शर्मा] टीम इंडिया को लेकर चर्चा जोरों पर है कि अस्थायी कोच रवि शास्त्री को पर्मानेंट कोच बनाया जा सकता है। उन्हें 7 करोड़ की फीस दी जा सकती है। अभी तक इतनी फीस किसी भी कोच को नहीं दी गई, लेकिन रवि शास्त्री में ऐसी क्या खास बात है जो बीसीसीआई उन पर इतनी मेहरबान हो गई। वैसे सच पूछिए तो इसके पीछे सबसे बड़ा कारण टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली हैं! यूंकि ये जोड़ी शोले के जय-वीरू जैसी है।
जी हां जय-वीरू! शोले वाले। शोले में ट्रेन में डाकुओं से मुठभेड़ हो या जेल से भागने की रणनीति और या फिर गब्बर को ठाकुर के पैरों पर ला पटकने का काम, जय-वीरू का तालमेल पूरी फिल्म में कभी नहीं टूटा। ठीक वैसे ही शास्त्री-विराट का तालमेल हमेशा अच्छा दिखा है। चाहे वो टी-20 का मैदान हो या फिर ड्रेसिंग रूम में नीति निर्धारण या फिर वनडे-टेस्ट मैच।
केवल खेल ही नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी शास्त्री, विराट आपस में काफी सहज दिखते हैं। यहां तक कि विराट के आक्रामक रवैया भी शास्त्री की मीठी मुस्कान और कूल दिमाग के आगे ठंडा पड़ जाता है। शास्त्री और विराट की कमेस्ट्री पहले भी लोग देख चुके हैं। विश्वकप के पहले आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान जिस तरह से विराट-शास्त्री लोगों के सामने आये उसे देखकर हर किसी को एहसास हो गया कि यह जोड़ी कुछ खास है।
जानिए टीम इंडिया के नये कोच रवि शास्त्री के बारे में अनकही बातें
जिस तरह लाख बुराईयां होने के बावजूद जय अपने दोस्त वीरू का पक्ष लेकर मौसी को शादी के लिये राजी करने की कोशिशें करता था। ठीक वैसे ही विराट कितने ही विवादों में क्यों न हों, शास्त्री बार-बार उनके पक्ष में उतर आते हैं।
कप्तान धोनी से कंपेयर करने पर विरोध करना और कोहली के गुस्से को कवरअप करना और कई सारी वजह हैं, जो साफ दर्शाते हैं कि इन दोनों के बीच टीम मैनेजर और खिलाड़ी का रिश्ता नहीं है बल्कि उससे कहीं बढ़कर मेंटल सपोर्ट का रिश्ता भी है।
यहां भी आयेगा शोले वाला सिक्का
बांग्लादेश दौरे के ठीक पहले शास्त्री का नाम कोच के लिए सेलेक्ट होने पर कोहली ने जिस तरह से इस बात का स्वागत किया उसने लोगों के भ्रम को यकीन में बदल दिया कि कोहली-शास्त्री दोनों ही एक-दूसरे के सपोर्टर और शुभचिंतक हैं और कोच और कप्तान के बीच में यही ट्यूनिंग होनी चाहिए जिसका फायदा खेल को मिलता है और शायद इसी वजह से ही बीसीसीआई ने शास्त्री को कोच बनाने का फैसला किया है।
फिल्म शोले में जब-जब कोई संकट आया तब-तब जय ने अपनी जेब से सिक्का निकाला और उसे उछाल कर वीरू को बचा लिया। इसमें कोई शक नहीं है कि जब तक कोहली कप्तान हैं, तब तक शास्त्री की जेब से ऐसा सिक्का जरूर निकलेगा, जो कोहली के लिये ढाल बनेगा। भले ही टीम का प्रदर्शन खराब ही क्यों न हो। खैर हर भारतीय फैन यही कामना भी करेगा, क्योंकि टीम के कोच और कप्तान के बीच रिश्ता जितना अच्छा होता है, जीत की संभावनाएं उतनी ज्यादा होती हैं।
शास्त्री के आने से सबसे ज्यादा खुश हुए कोहली, बताया उम्दा फैसला
मालूम हो कि अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार रवि शास्त्री को बहुत जल्द 7 करोड़ रुपए के सालाना करार पर टीम इंडिया का कोच नियुक्त किया जाएगा। इंग्लैंड सीरीज के दौरान टीम का डायरेक्टर बनाये जाने के बाद टीम के प्रदर्शन में आये सुधार और विराट कोहली की मांग के बाद ही रवि शास्त्री के नाम पर मुहर लगने जा रही है।