नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मैनेजर रवि शास्त्री ने टीम का कोच बनने की इच्छा जाहिर की है। रवि शास्त्री ने कहा कि अगर बीसीसीआई मेरे काम से संतुष्ट है तो वह मुझे फिर से टीम का कोच नियुक्त कर सकता है। हालांकि रवि शास्त्री ने इस पद के लिए आवेदन करने के सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।
दिग्गजों को भा रहे हैं शास्त्री इसलिए मिलेगी कोच की सीट?
रवि शास्त्री को वर्ष 2014 में टीम इंडिया का कोच व डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। उन्हें 18 महीनों के लिए इस काम की जिम्मेदारी दी गयी थी। इस दौरान टीम इंडिया की टेस्ट रैंकिंग शीर्ष पर पहुंची थी। टी-20 विश्वकप के बाद रवि शास्त्री सहित संजय बांगड़, भारती अरुण और आऱ श्रीधर का का करार 31 मार्च को खत्म हो गया था।
बीसीसीआई के नवनियुक्त अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने हाल ही में कहा था कि टीम इंडिया के कोच लिए अखबार में विज्ञापन दिया जाएगा और जो भी इस पद के लिए आवेदन करना चाहता है तो कर सकता है। आवेदन की आखिरी तारीख 10 जून निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा था कि अगर रवि शास्त्री और उनके साथी फिर से इस जिम्मेदारी को निभाना चाहते हैं तो वह भी आवेदन कर सकते हैं।
रवि शास्त्री ने कहा कि मैंने पहले ही संबंधित अधिकारियों को बता दिया है कि मैं इस काम को जारी रखने में इच्छुक हूं। अगर उन्हें लगता है कि मैंने अच्छा काम किया है और वह मुझसे संतुष्ट हैं तो मैं आगे इस जिम्मेदारी को निभाना चाहुंगा। उन्होंने कहा कि मैंने अच्छा काम किया है।
रवि शास्त्री ने कहा कि जब मैने इस जिम्मेदारी की शुरुआत की थी तो मुझे उम्मीद नहीं थी कि मैं इतनी जल्दी परिणाम सामने आयेंगे। मैंने सोचा था कि लड़के थोड़ा समय लेंगे लेकिन उन्होंने मुझे गलत साबित किया और यह बतौर कोच अच्छी फीलिंग है।
शास्त्री ने कहा कि जब मैं अपनी बात करता हूं इसका मतलब है कि मैं बाकी के तीन लोगों की भी बात कर रहा हूं। रवि शास्त्री की अगुवाई में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से 2-0 से हारी थी । लेकिन श्रीलंका में पहली बार टीम इंडिया ने 22 साल बाद सीरीज को जीता। दक्षिण अफ्रीका को भी टीम ने 9 साल बाद टेस्ट सीरीज में हराया।