नई दिल्ली। टीम इंडिया के कोच के लिए रवि शास्त्री के नाम पर मुहर लगनी लगभग तय हो गयी है। यही नहीं रवि शास्त्री को बीसीसीआई दुनिया के किसी भी क्रिकेट कोच से सबसे ज्यादा मेहनताना 7 करोड़ रुपए में कोच नियुक्त करने जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो बांग्लादेश दौरे के बाद रवि शास्त्री के नाम पर मुहर लग सकती है। अंग्रेजी अखबार के अनुसार रवि शास्त्री को 7 करोड़ रुपए के सालाना करार पर टीम इंडिया का कोच नियुक्त किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले टीम इंडिया के कोच डंकन फ्लेटर का कार्यकाल इसी साल खत्म हो चुका है और उनके कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाया गया।
इंग्लैंड सीरीज के दौरान टीम का डायरेक्टर बनाये जाने के बाद टीम के प्रदर्शन में आये सुधार और विराट कोहली की मांग के बाद शास्त्री के नाम को लगभग फाइनल किया जा चुका है। इससे पहले प्रेस कांफ्रेंस में रवि शास्त्री ने खुद कहा था कि टीम को और कोच की जरूरत नहीं है और मुमकिन है कि मैं लंबे समय तक टीम का कोच रहूं।
शास्त्री को टीम के डायरेक्टर के तौर पर 6 करोड़ रुपए सालाना दिये जाने का करार हुआ है। वहीं डंकन फ्लेचर को बतौर कोच 4.2 करोड़ रुपए सालाना दिये जाते थे। शास्त्री को बीसीसीआई बतौर टीवी कमेंटेटर सालाना चार करोड़ रुपए देती आ रही है।
<center><iframe width="100%" height="450" src="https://www.youtube.com/embed/MRYvb-kIc7Q" frameborder="0" allowfullscreen></iframe></center>