नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व डायरेक्टर रवि शास्त्री ने मुख्य कोच नहीं चुने जाने के बाद खुलासा किया है कि कोच के पद के लिए साक्षात्कार के दौरान सौरव गांगुली मौजूद नहीं थे। रवि शास्त्री ने एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि उन्होंने एक शानदार टीम अनिल कुंबले को दी है।
कोच नहीं बनाये जाने पर बीसीसीआई से नाराज रवि शास्त्री
बीसीसीआई की मुख्य एडवायजरी कमेटी में सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण के अलावा चीफ कोऑर्डिनेटर संजय जगदाले को टीम का मुख्य कोच चुनने की बीसीसीआई ने जिम्मेदारी दी थी। रवि शास्त्री का दावा है कि जिस वक्त वह थाइलैंड से टीम इंडिया के कोच के पद के लिए साक्षात्कार दे रहे थे उस वक्त सौरव गांगुली पैनल में मौजूद नहीं थे। इस पैनल में सचिन तेंदुलकर लंदन से स्काइप के जरिए जुड़े थे।
शास्त्री ने कहा कि जब सौरव गांगुली पैनल में नहीं थे तो मैं उनसे इस बारे में पूछ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मैंने सभी सवालों के जवाब दिये, कुछ सवाल काफी अच्छे थे और यह मुलाकात काफी अच्छी रही थी। गांगुली वर्किंग कमेटी की बैठक की वजह से इस साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सके।
शास्त्री को साक्षात्कार के लिए शाम को पांच बजे का समय दिया गया था, लेकिन गांगुली 6.30 बजे ही मीटिंग से बाहर आ सके। हालांकि रवि शास्त्री ने टीम के कोच के चयन की प्रक्रिया को सही बताया है और वह इस प्रक्रिया से पूरी तरह से संतुष्ट थे। उन्होंने बताया कि मुझसे पूछा गया था कि मैंने सभी फॉर्मेट में कैसे टीम की तैयारी कराउंगा।