नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) टीम इंडिया में तगड़े बदलावों के पुख्ता संकेत मिल रहे हैं। जगमोहन डालमिया और अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में रवि शास्त्री के दिन पूरे होते नजर आ रहे हैं। उनकी टीम इंडिया के डायरेक्टर पद से छुट्टी तय मानी जा रही है।
शास्त्री को डालमिया- ठाकुर बोर्ड के पूर्व चीफ एन.श्रीनिवासन का आदमी मानते हैं। ये भी कहा जा रहा है कि शास्त्री ने जब से टीम डायरेक्टर का पद संभाला है, तब से टीम इंडिया के प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं हुआ है। शास्त्री टीम डायरेक्टर के रूप में बोर्ड से सालाना करीब दो करोड़ रुपये लेते हैं।
लेंगर बन सकते हैं कोच
इस बीच, सूत्रों का कहना है कि बोर्ड आस्ट्रेलिया के पूर् सलामी बल्लेबाज जस्टिन लेंगर को टीम इंडिया का कोच बना सकता है। लेंगर बेहद शानदार खिलाड़ी रहे हैं। इस बीच, टीम इंडिया के कोच डंकन फ्लैचर की छुट्टी अब तय है।
बोर्ड नाखुश
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड नए कोच की तलाश में है। बोर्ड डंकन फ्लेचर के अब तक के कार्यकाल के दौरान टीम इंडिया के प्रदर्शन से खुश नहीं है। अनुराग ठाकुर की चाहत है कि टीम इंडिया को नया कोचमिले फ्लेचर के स्थान पर। ठाकुर चाहते हैं कि नए कोच पर फैसला जल्द हो जाए। फ्लेचर के कोच रहते हुए टीम को हाल के दौर में आस्ट्रेलिया में करारी हार मिली। फिर वहां हुई त्रिकोणीय सीरीज में भी भारत हारा।
भारत से हो कोच
कुछ समय पहले वन इंडिया ने खबर भी दी थी कि क्रिकेट कोच गुरुचरण सिंह ने बोर्ड से मांग की थी कि कोच कोई भारतीय ही हो।