नई दिल्ली। इंडियम प्रीमियर लीग(आईपीएल) के 13वें सीजन की शुरूआत यूएई में 19 सितंबर को होने जा रही है। सभी टीमों ने खिताब पर कब्जा करने के लिए कमर कस ली है। आईसीसी टी20 विश्व कप के रद्द होने के बाद बीसीसीआई ने आईपीएल टूर्नामेंट करवाने का फैसला लिया। तीन बार खिताब जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स अभी से अपने फैंस में आईपीएल के प्रति क्रेज भरने में लगी हुई है। चेन्नई के स्टार खिलाड़ी रविंद्र जडेजा भी आईपीएल खेलने के लिए बेताब हैं।
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर यैलो जर्सी में दो तस्वीरें शेयर कीं। जो तस्वीर सामने आई है उसमें रविंद्र जडेजा आईपीएल के लिए फोटोशूट करवाते नज़र आ रहे हैं। रविंद्र जडेजा ने फोटोशूट की तस्वीरों को पहले अपने हैंडल से शेयर किया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपने खिलाड़ी की तस्वीरों को शेयर किया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आईपीएल की शुरूआत पहले मार्च में होने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से 13वें सीजन को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था। चूंकि पिछले 10 सालों में आईपीएल बीसीसीआई के लिए कमाई का सबसे बड़ा जरिया बन चुका है इसलिए बोर्ड ने किसी तरह से इस साल आयोजन का तरीका खोज निकाला है।
It's time ⏳ @chennaiipl 💛 #whistlepodu pic.twitter.com/LpPNSHdqlG
— Ravindrasinh jadeja (@imjadeja) August 5, 2020
आईपीएल के आयोजन में एशिया कप और वर्ल्ड कप के रद्द होने की बड़ी भूमिका रही है। इन दोनों टूर्नामेंट्स के रद्द होने की वजह से सितंबर के अंत से लेकर नवंबर तक कोई इंटरनेशनल टूर्नामेंट नहीं खेला जाना है। बीसीसीआई ने इसी मौके को भुनाते हुए आईपीएल के 13वें सीजन का रास्ता बना लिया. कोविड 19 की वजह से हालांकि लीग के मैचों का आयोजन मैदान पर बिना दर्शकों के ही होने जा रहा है।