नई दिल्ली। भारतीय टीम से बाहर चल रहे टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर दो टेस्ट गेंदबाज रविंद्र जडेजा के रेस्टोरेंट पर स्वास्थ्य विभाग ने अचानक छापा मारा। दरअसल राजकोट स्वास्थ्य विभाग पिछले कई दिनों से राजकोट के अलग-अलग होटल और रेस्टोरेंट में छापा मार खाने की चीजों पर क्वालिटी कंट्रोल कर रहा है। इसी क्रम में उसने शुक्रवार को रविन्द्र जडेजा के रेस्टोरेंट पर भी छापा डाला। ये छापा जडेजा के रेस्टोरेंट 'जड्डूस फूड फील्ड' से पुराना (बासी) फूड्स की शिकायत के बाद राजकोट सिटी कॉरपोरेशन के हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने शुक्रवार को सुबह मारा।
छापेमारी विभाग की होटलों में खाने पीने की चीजों की नियमित जांच का हिस्सा थी और इसके तहत पास ही स्थित अंतर्राष्ट्रीय फूड कोर्ट चेन मैकडोनाल्ड पर भी छापेमारी की गई।
जडेजा के रेस्टोरेंट पर टीम को कई खराब और बासी चीजें मिलीं जिसे आरोग्य विभाग ने फिंकवा दिया। उसके बाद जडेजा के इस रेस्टोरेंट को नोटिस दे दिया गया। आपको बता दें कि जड्डूस फूडस् फील्ड रेस्टोरेन्ट राजकोट का काफी प्रसिद्ध रेस्टोरेंट है, जो कि क्रिकेटर रविन्द्र जडेजा ने शुरू किया था और इसके मालिक भी खुद रविन्द्र जडेजा ही हैं। फिलहाल तो ये रेस्टोरेंट उनकी बहन नयनाबा जडेजा चलाती हैं।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी हेल्थ ऑफिसर पीपी राठौड ने बताया कि जडेजा के होटल में सड़े आलू, टमाटर तथा हुई बनी बासी सब्जी और अन्य फूड्स मिले हैं। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट का किचन का एक हिस्सा भी बेहद गंदा था। इसलिए इस संबंध में नोटिस भी जारी किया गया है।