Ravindra Jadeja: मौजूदा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय खिलाड़ियों का चोटिल होना लगातार जारी है। पहले रवींद्र जडेजा और अब मोहम्मद शमी। मोहम्मद शमी पहले टेस्ट मैच के दौरान बाउंसर गेंद का सामना करते हुए घायल हो गए, जिसके बाद वह आगामी तीनों ही टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे। वहीं रवींद्र जडेजा टी-20 सीरीज के दौरान घायल होने की वजह से टीम से बाहर हो गए थे। लेकिन अब रवींद्र जडेजा फिट होकर टीम में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। रवींद्र जडेजा ने हाल ही में अपनी फिटनेस को लेकर एक वीडियो साझा किया था, जिसके बाद उनकी वापसी के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन अब रवींद्र जडेजा ने एक और तस्वीर साझा की है, जिसकी वजह से वह चर्चा में आ गए हैं।
दरअसल रवींद्र जडेजा अपने अलग अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते हैं। कुछ इसी अंदाज में रवींद्र जडेजा ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसमे वह टी शर्ट, शॉर्ट्स और कैप में धूप में कॉफी पीते नजर आ रहे हैं। लेकिन तस्वीर से ज्यादा इस तस्वीर के साथ रवींद्र जडेजा ने जो कैप्शन लिखा है वह चर्चा में आ गया है। जडेजा ने तस्वीर के साथ लिखा, कॉफी पी रहा हूं क्योकि वाइन (शराब) पीने के लिए अभी थोड़ा जल्दी है। रवींद्र जडेजा की इस तस्वीर पर काफी लोगों ने अपनी मजेदार प्रतिक्रिया दी है।
बता दें कि रवींद्र जडेजा दूसरे टेस्ट मैच में टीम में वापसी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि हनुमा विहारी की जगह रवींद्र जडेजा को टीम में मौका मिल सकता है। जकि पृथ्वी शॉ की जगह केएल राहुल टीम में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा विराट कोहली की गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं रिद्धिमान साहा की जगह रिषभ पंत विकेट कीपर की जगह टीम में आ सकते हैं। गौरतलब है कि चार टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से पीछे है, ऐसे में टीम इंडिया अगले टेस्ट मैच में वापसी करने की कोशिश करेगी।
Coffee, because it’s too early for wine.😜 pic.twitter.com/4RsQlhBuiL
— Ravindrasinh jadeja (@imjadeja) December 21, 2020