नई दिल्ली। आईपीएल के इस सीजन में विराट कोहली की अगुवाई में आरसीबी की टीम ने जबरदस्त शुरुआत की। पहले 10 मैच की बात करें तो आरसीबी ने 10 में से 7 मैचों में जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बाद आरसीबी की टीम लगातार तीन मुकाबले हार गई। 10 मैचों के बाद आरसीबी प्वाइंट टेबल पर दिल्ली कैपिटल्स के साथ टॉप पर थी, ऐसे में लग रहा था कि प्लेऑफ में पहुंचना आरसीबी और दिल्ली दोनों ही टीमों के लिए महज औपचारिकता है, लेकिन दोनों ही टीमें एक के बाद एक लगातार अपने मैच हारती गईं और प्लेऑफ में मुंबई को छोड़कर किसी भी टीम की सीट अभी तक पक्का नहीं हो पाई है।
अंक तालिका में स्थिति
प्वाइंट टेबल की बात करें तो फिलहाल आरसीबी की टीम दूसरे पायदान पर है, लेकिन लगातार तीन हार के बाद टीम अपने खाते में एक भी अंक जोड़ नहीं सकी है। यही नहीं टीम का रन रेट भी नीचे आ गया है और यह 0.182 से गिरकर -0.145 तक पहुंच गया है। हालांकि लगातार तीन मैच हारने के बाद आरसीबी की टीम संघर्ष कर रही है लेकिन अगर अगले तीन मैच आरसीबी की टीम जीतती है तो वह आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर सकती है। आरसीबी के सामने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच इसके बाद पहले क्वालिफायर में मुंबई के खिलाफ जीत और आखिर में फाइनल मैच जीतकर आरसीबी की टीम आईपीएल 2020 जीत सकती है।
हार से निराश एबीडी
टीम के स्टार खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का कहना है कि लगातार तीन मैच हारना बहुत ही बेकार अनुभूति है, आप ऐसा कतई नहीं चाहते हैं। लेकिन यह टूर्नामेंट का स्वरूप है, जिसमे कुछ भी हो सकता है, अगर आप लगातार तीन मैच हार सकते हैं तो तीन लगातार जीत भी सकते हैं। जिन 7 मैचों में आरसीबी की टीम ने जीत दर्ज की है अगर उसकी बात करें तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम सुपर ओवर में मैच जीती। इसके अलावा जिस भी मैच में आरसीबी की टीम ने जीत दर्ज की है उसमे या तो विराट कोहली या फिर डिविलियर्स ने अर्धशतक जरूर लगाया है। सिर्फ केकेआर के खिलाफ मुकाबले को छोड़ दें तो दोनों ही खिलाड़ी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे।
कोहली-डिविलियर्स पर निर्भर आरसीबी
आरसीबी के लिए देवदत्त पड्डिकल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस सीजन में आरसीबी ने जिन मैचों में जीत दर्ज की है उसमे कोहली के औसत की बात करें तो यह 91 का है और उनका स्ट्राइक रेट 132.52 का है। जबकि डिविलियर्स का औसत 123, स्ट्राइक रेट 203 का है। जिन मैचों में आरसीबी की टीम हारी है उसमे कोहली का औसत 26.33 और स्ट्राइक रेट 107.48 रहा है। जबकि डिविलियर्स का औसत 19.50 और स्ट्राइक रेट 115.84 का रहा है। आरसीबी की जीत में पद्दिकल का औसत 42. 57 और स्ट्राइक रेट 125.21 का रहा है। हार में उनका प्रदर्शन इतना बुरी तरह से नहीं गिरा। हारने वाले मैच में पद्दिकल का औसत 20.66 और स्ट्राइक रेट 131.91 का रहा है।