नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए कोच का चयन डब्लूवी रमन के रूप में हो चुका है। इससे पहले इस पद के लिए गैरी कर्स्टन सबसे उपयुक्त खिलाड़ी माने जा रहे थे। ऐसे में रमन का नाम भले ही चौंकाने वाला ना सही, पर ये उत्सुकता पैदा करने वाला जरूर बनता है कि आखिर गैरी का चयन किस कारण से नहीं हो सका। गैरी कर्स्टन वहीं है जिन्होंने विश्व कप 2011 में भारत की जीत में अहम भुमिका निभाई थी।
अब गैरी के कोच के बनने के पीछे के कारणों का खुलासा होना शुरू हो रहा है। रिपोर्ट्स बता रही हैं कि महिला क्रिकेट कोच के लिए आवेदन करने वाले गैरी कर्स्टन के खिलाफ एक बात चली गई, जिसने उनको कोच बनने से रोकने में अहम रोल अदा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक गैरी महिला टीम का कोच बनने के तो इच्छुक थे, लेकिन आईपीएल में आरसीबी की कोचिंग छोड़ने के लिए भी तैयार नहीं थे। दरअसल बीसीसीआई 2017 में ही यह साफ कर चुका था जो भी व्यक्ति बोर्ड से जुड़ा हुआ है, उसको आईपीएल में किसी टीम की कोचिंग देने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इसी के चलते ही राहुल द्रविड़ ने दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ अपने संबंध खत्म कर लिए थे क्योंकि उनको भारत ए और अंडर 19 टीम में बतौर मुख्य कोच काम करना था। ठीक यही स्थिति भारतीय टीम के मौजूदा मुख्य कोच रवि शास्त्री के साथ है। पेशेवर कमेंटेटर शास्त्री भारतीय टीम से जुड़ने के बाद कमेंट्री नहीं कर सकते हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति गैरी कर्स्टन के भी सामने थी, लेकिन वे आईपीएल में अपनी भुमिका छोड़ने के लिए राजी नहीं थे। जिसके चलते अततः डब्लूवी रमण को यह जिम्मेदारी मिल गई।