3rd T20: 6 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बनें दीपक चाहर, भारत ने लगाई हैट्रिकों की हैट्रिक
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश की बीच टी20 सीरीज के आखिरी मैच में तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। दीपक चहर ने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट झटके जिसके साथ ही वह अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच में सबसे बेहतर गेंदबाजी करने के मामले में टॉप पर आ गए हैं। दीपक चहर ने श्रीलंका के पूर्व स्पिनर अजंता मेंडिस को इस मामले में पीछे छोड़ा है और पहले पायदान पर काबिज हो गए हैं।
और पढ़ें: 3rd T20, IND vs BAN: रोहित शर्मा ने धोनी को पीछे छोड़ बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, नहीं रखना चाहेंगे याद
फाइनल मैच में भारत ने बांग्लादेश को 30 रनों से हराकर सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए थे जिसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 19.2 ओवर में 144 रनों पर ढेर हो गई।

6 विकेट झटकने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बनें दीपक चाहर
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 6 विकेट चटकाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो सिर्फ 3 गेंदबाजों ने ऐसा किया है। अजंता मेंडिस, युजवेंद्र चहल और दीपक चाहर। बांग्लादेश के खिलाफ 3.2 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट झटकने वाले दीपक चाहर युजवेंद्र चहल के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिसने टी20 मैच में 6 विकेट चटकाने का कारनामा किया है। युजवेंद्र चहल ने फरवरी 2017 में बेंगलुरू के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था। चहल ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 25 रन देकर 6 विकेट झटके थे।

अजंता मेंडिस को पीछे छोड़ बनें नंबर 1
दीपक चाहर टी20 में 6 विकेट झटकने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले 6 विकेट झटकने का रिकॉर्ड सिर्फ स्पिन गेंदबाजों के नाम था। श्रीलंका के लिए अजंता मेंडिस ने 2 बार यह कारनामा किया था। पहली बार अगस्त 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पल्लाकेले स्टेडियम पर 16 रन देकर 6 विकेट झटके थे जबकि दूसरी बार सितंबर 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाप हंबनटोटा के मैदान पर 8 रन देकर 6 विकेट चटकाने का काम किया था। दीपक चहर ने युजवेंद्र चहल और अजंता मेंडिस को पीछे छोड़ते हुए सबसे किफायती रहते हुए एक पारी में सबसे ज्यादा विकेट झटकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

दीपक चाहर ने ऐसी ली हैट्रिक
मैन ऑफ द मैच चुने गए दीपक चाहर साल 2019 में हैट्रिक लेने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। दीपक चाहर ने बांग्लादेश के खिलाफ पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शफीउल इस्लाम को लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया था। उसके बाद पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने पहली ही गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराकर दूसरा झटका दिया और अगली ही गेंद पर अमीनुल इस्लाम को बोल्ड कर अपने करियर की पहली हैट्रिक पूरी कर ली।

भारत ने पूरी की हैट्रिक की हैट्रिक
दीपक चाहर भारत के लिए एक ही साल में हैट्रिक झटकने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। इस साल उनसे पहले मोहम्मद शमी (वनडे) और जसप्रीत बुमराह (टेस्ट) में हैट्रिक ले चुके हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी देश के खिलाड़ियों ने एक कैलेंडर ईयर में क्रिकेट के तीनों प्रारूप में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है। या यूं कहे कि भारत हैट्रिक की हैट्रिक लगाने वाला पहला देश बन गया है। मोहम्मद शमी ने विश्व कप 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में हैट्रिक ली थी जबकि चोट से उबर रहे जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
