नई दिल्लीः न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर रिचर्ड हेडली को लगता है कि जसप्रीत बुमराह अपने अजीबोगरीब एक्शन के कारण आने वाले समय में चोट से प्रभावित हो सकते हैं। बुमराह भारत के प्रीमियर तेज गेंदबाज हैं जो कि तीनों फॉर्मेट में खेलते हैं। उन्होंने काफी कम समय में अपना नाम बनाया है और वे भारत की आधुनिक पीढ़ी के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाज माने जाते हैं। हालांकि हेडली को लगता है कि बुमराह कितने लंबे समय तक अपना कैरियर खींच पाएंगे यह अभी भी देखा जाना बाकी है क्योंकि इस तेज गेंदबाज के पास बहुत शुद्ध एक्शन नहीं है।
हेडली ने ईसीसी की ऑफिशियल मीडिया रिलीज पर जारी बयान में कहा, "बुमराह की लंबे समय तक खेलने की क्षमता अभी भी तय होनी बाकी है। मुझे लगता है कि बाकी गेंदबाजों की अपेक्षा वे चोट लगने के थोड़े ज्यादा करीब हैं क्योंकि उनका एक्शन और तकनीक थोड़ी हटकर है। वे अपने शरीर पर काफी दबाव डालते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि इंजरी उनके करियर को खत्म ना करें क्योंकि वह ऐसे बॉलर हैं जिनको देखना काफी अच्छा लगता है और बल्लेबाजों के सामने जिस तरह से उनकी गति उछाल और गेंद की मूवमेंट आती है उसको आप पहले से नहीं पढ़ सकते।"
रिचर्ड हेडली ने बुमराह को ताकत पर आधारित गेंदबाज बताया है जो कि अपने बॉलिंग एक्शन के अंतिम क्षणों में गति को पैदा करता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी कोच के लिए बुमराह को ट्रेन करना एक आसान काम नहीं है। इसका कारण यह है कि बुमराह की गेंदबाजी बायोमैकेनिक्स के दायरे में बहुत ज्यादा अच्छी नहीं दिखती है।
हेडली कहते हैं, "हालांकि उनको लगता है कुछ युवा बुमराह की तरह बॉलिंग करना चाहते हैं। मेरा विश्वास है कि उभरते हुए युवा गेंदबाजों को उनके तौर-तरीकों से विकसित होने देना चाहिए लेकिन उनके अंदर कुछ कौशल और गेंदबाजी की अन्य बारिकियों का होना भी जरूरी है। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 18 जून से मुकाबला खेलने जा रही है जो कि साउथेंप्टन के एजस बाउल में होगा। बुमराह ने भारत के लिए इस साल फरवरी में अपना अंतिम मुकाबला खेला था और उनका प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे पर भारत के छह टेस्ट मैचों में प्रदर्शन को भी तय करेगा।