
विकेटकीपर बल्लेबाज बनने को तैयार हैं रॉबिन उथप्पा
भारतीय टीम के लिये कई अहम मौको पर शानदार पारी खेलने वाले रॉबिन उथप्पा पिछले काफी समय से आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये खेलते हुए नजर आ रहे थे। पिछले साल भी उथप्पा ने 12 मैचों में 282 रन बनाए थे। हालांकि इस प्रदर्शन को बहुत ज्यादा खराब नहीं कहा जा सकता लेकिन बावजूद इसके केकेआर की टीम ने 2020 के लिये रिलीज कर दिया था। स्पोर्ट्स्क्रीन के साथ बात करते हुए रॉबिन उथप्पा ने कहा कि वह एक बार फिर से नीली जर्सी में खेलना चाहते हैं फिर उसके लिये चाहे किसी भी पोजिशन पर मौका मिले।
उन्होंने कहा, 'मौका मिलने पर मैं टीम इंडिया में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने के लिए तैयार हूं। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर अगर टीम इंडिया में खेलने का मौका मिला, तो मैं जरूर खेलूंगा। टीम इंडिया में वापसी करने के लिए किसी भी रोल के लिए तैयार हूं। ब्लू जर्सी में किसी भी एक बैटिंग ऑर्डर पर तीन बार से ज्यादा बल्लेबाजी नहीं कर सका।'

केएल राहुल कर रहे अच्छा काम
रॉबिन उथप्पा ने हाल ही में भारतीय टीम के सीमित ओवर्स में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले केएल राहुल की भी तारीफ की और कहा कि उनकी विकेटकीपिंग स्किल्स में पहले से काफी सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा, 'राहुल शानदार काम कर रहे हैं। वो अपनी विकेटकीपिंग में काफी सुधार कर चुके हैं। वो विकेट के पीछे अपनी स्किल्स पर अच्छा काम कर रहे हैं।'

कुछ ऐसा रहा है उथप्पा का करियर
भारतीय टीम के लिये मध्यक्रम में शानदार बल्लेबाजी करने वाले रॉबिन उथप्पा आखिरी बार जुलाई 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सीमित ओवर्स प्रारूप में नजर आये थे। अपने आखिरी टी20 मैच में उथप्पा ने 25 गेंद में 42 रनों की पारी खेली थी लेकिन उसके बाद से वह टीम में वापसी नहीं कर सके। हालांकि इस दौरान उन्होंने घरेलू क्रिकेट खासतौर से आईपीएल में शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
अपने आईपीएल करियर में उथप्पा ने अब तक कुल 177 मैच खेले हैं जिसमें वह 4411 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक भी जड़े हैं साथ ही टीम के लिये विकेटकीपिंग से भी योगदान दिया है। इस दौरान रॉबिन उथप्पा मुंबई इंडियंस, आरसीबी, पुणे वरियर्स और कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम के लिये खेल चुके हैं। हालांकि इस साल वह पहली बार वह राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए खेलने वाले थे। ऐसे में अगर आईपीएल 2020 का आयोजन होता है और वह इसमें बेहद शानदार प्रदर्शन करते है, तो वह भारतीय टीम में वापसी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
